थार सवार दबंगों की खुलेआम दबंगई, असलहा लहराकर लोहे के व्यापारी को दी जान से मारने की धमकी

सीसीटीवी में पूरी घटना कैद
FATEHPUR NEWS: शहर में दबंगई का खौफ लगातार सामने आ रहा है। आलम यह है कि दबंगों को अब पुलिस का भी कोई डर नहीं रहा, जिसकी वजह से व्यापारी सहित आम लोग दहशत में जीने को मजबूर हैं। शिकायतों के बावजूद कार्रवाई न होने से ऐसे अराजक तत्वों के हौसले और बुलंद होते जा रहे हैं। ताजा मामला लखनऊ बाईपास स्थित नुरुल हुदा के पास का है। यहां भारत ट्रेडर्स नाम के लोहे के व्यापारी की दुकान पर काली फिल्म लगी थार से पहुंचे कुछ दबंगों ने जमकर तांडव किया। घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी तरह कैद हो गई। व्यापारी शाहिद फारुखी के अनुसार, 29 नवंबर को दुकान से सामान लेकर जा रहे रिक्शा चालक ने एक युवक को बाइक सही चलाने की नसीहत दी। इस बात से बाइक सवार भड़क गया और उसने रिक्शा चालक व व्यापारी के पुत्र अदनान को गाली देते हुए धमकाया। व्यापारी ने इसे मामूली विवाद मानकर टाल दिया। लेकिन अगले ही दिन 30 नवंबर की शाम को मामला बिगड़ गया। बताया जाता है कि काली फिल्म लगी महिंद्रा थार, एक बैलेनो कार और 3 से 4 बाइकों से करीब 20–25 लोग दुकान पर पहुंच गए। इनमें अमरजई निवासी उमर यार का नाम भी बताया गया है, जो हूटर बजाते हुए दुकान में घुसे। व्यापारी के अनुसार, दबंगों ने दुकान में घुसकर गाली-गलौज की और गाड़ी से असलहा दिखाते हुए हत्या की धमकी दी। युवक हाथों में पिस्तौल लहराते हुए धमकी देते रहे। इस दौरान शाहिद फारुखी ने अपने कर्मचारियों को मोबाइल से वीडियो बनाने को कहा। जैसे ही युवकों ने वीडियो बनते देखा, वे अपनी वाहनें दौड़ाते हुए मौके से भाग निकले। इसी बीच व्यापारी की जान बच सकी। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज सहित व्यापारी ने कोतवाली पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से पीड़ित व्यापारी और उनका परिवार दहशत में है। अब सवाल यह उठता है कि शहर में खुलेआम असलहा लहराने वाले इन अराजक तत्वों पर कार्रवाई कब होगी? और आखिर किसके संरक्षण में ऐसे दबंग आम नागरिकों को खुलेआम धमकाते घूम रहे हैं? पुलिस की निष्क्रियता लोगों के लिए चिंता का कारण बन गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *