धर्म परिवर्तन से इनकार, युवती का गला काटकर युवक फरार

फरार आरोपी की तलाश में पुलिस दे रही ताबड़तोड़ दबिश
MIRZAPUR NEWS: (सुनील कुमार गुप्ता) कटरा कोतवाली क्षेत्र के गणेशगंज सब्जी मंडी स्थित बीती शुक्रवार की देर रात एक युवक ने धर्म परिवर्तन के दबाव में एक युवती पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोप है कि युवक घर में घुसकर युवती का गला ब्लेड से काट दिया और इसके बाद हाथ की नस भी काट दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल युवती को जिला मंडलीय चिकित्सालय ले जाया गया । डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए युवती को वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। फिलहाल उसकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है। घटना से इलाके में दहशत और लोगों में आक्रोश का माहौल है।
पीड़िता के भाई हिमांशु सोनी ने बताया कि घटना के समय हम लोग घर पर मौजूद नहीं थे। करीब डेढ़ महीने से एक लड़का हमारी बहन को परेशान कर रहा था। जिस समय यह घटना हुई, हम लोग शादी में गए हुए थे। इसी बीच युवक ने घर में किसी को न देखकर मौका पाकर अंदर घुस गया। वह हमारी बहन पर धर्म परिवर्तन का दबाव बना रहा था और कह रहा था कि ‘धर्म नहीं बदलोगी तो जान से मार दूंगा।’ इसके बाद उसने ब्लेड से गला और हाथ काट दिए। युवक का नाम सैफ है और पक्का घाट पर कपड़े की दुकान चलाता है। वह निकाह करने के लिए मजबूर कर रहा था।
एसपी नगर नितेश सिंह ने बताया कि यूपी-112 पर सूचना मिली कि एक युवक ने एक महिला पर ब्लेड से हमला कर उसे घायल कर दिया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पीड़िता को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत फिलहाल ठीक है, लेकिन बेहतर उपचार के लिए उसे वाराणसी भेजा गया है।
इसके अलावा एसपी नगर ने बताया कि प्राथमिक जांच में पता चला है कि पीड़िता और आरोपी करीब एक साल से एक-दूसरे को जानते थे, लेकिन आपसी मनमुटाव के कारण यह घटना सामने आई है।
पीड़िता के भाई की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ नामजद सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने अब तक 7 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। घटना की गंभीरता को देखते हुए चार विशेष टीमें गठित की गई हैं और आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस ने कहा कि आरोपी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *