Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

SIDHARTHNAGAR NEWS: इटवा ब्लाक संसाधन केंद्र (बीआरसी) परिसर में शनिवार को बेसिक शिक्षा विभाग समेकित शिक्षा के तत्वावधान में विशिष्ट आवश्यकता वाले बच्चों हेतु उपकरण वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान कुल 228 दिव्यांग बच्चों को उनकी दिव्यांगता के अनुरूप उपकरण वितरित किए गए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डुमरियागंज के सांसद जगदंबिका पाल, विशिष्ट अतिथि नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पाण्डेय और जिलाधिकारी शिवशरनप्पा जी. एन. के हाथों बच्चों को उपकरण प्रदान किए गए।
सांसद जगदंबिका पाल ने इस अवसर पर कहा कि सरकार दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास कर रही है और उनके लिए तमाम योजनाएं संचालित की जा रही है। उन्होंने कहा कि पहले इन्हें ‘विकलांग’ कहा जाता था, मगर अब इन्हें ‘दिव्यांग’ नाम देकर सम्मान दिया गया है। नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पाण्डेय ने उपकरण वितरण पर खुशी जाहिर करते हुए अधिकारियों से कहा कि इन उपकरणों का कैसे संचालन करें, इसको भी बच्चों और अभिभावकों को समझाया जाए। जिलाधिकारी शिवशरनप्पा जी. एन. ने कहा कि दिव्यांग बच्चों को सभी सुविधाएं समय से उपलब्ध कराई जाएं, इसके लिए प्रयास किया जा रहा है। बीईओ राजेश कुमार ने बताया कि पिछले दिनों आयोजित शिविर में इन बच्चों के लिए उपकरणों का चिह्नांकन किया गया था, जिन्हें आज वितरित किया जा रहा है।
इस अवसर पर पूर्व प्रमुख मारकण्डेय पाण्डेय, शिव कुमार वर्मा, माधव यादव, राम नेवास उपाध्याय, रामतेज शुक्ल, सुनील पाण्डेय, राहुल श्रीवास्तव, राकेश, मोना पांडेय सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक और अभिभावक मौजूद रहे।