युवा मनों को राष्ट्रीय कृषि शोध से जोड़ना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता: कुलपति

बीएससी कृषि 7वें सेमेस्टर के विद्यार्थियों का अखिल भारतीय शैक्षणिक भ्रमण को कुलपति ने झंडी दिखाकर किया रवाना
JHANSI NEWS: रानी लक्ष्मीबाई केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, झाँसी के बीएससी कृषि 7वें सेमेस्टर के विद्यार्थियों को आज कुलपति डॉ. अशोक कुमार सिंह ने हरी झंडी दिखाकर अखिल भारतीय शैक्षणिक भ्रमण के लिए रवाना किया। इस अवसर पर कुलपति ने कहा कि अखिल भारतीय शैक्षणिक भ्रमण हमारे विद्यार्थियों को बहुआयामी अनुभव प्रदान करता है। देश के प्रमुख कृषि संस्थानों में हो रहे शोध को प्रत्यक्ष रूप से देखकर छात्रों में अनुसंधान दृष्टि विकसित होती है। कृषि का भविष्य वैज्ञानिक सोच और नवाचार पर आधारित है, और ऐसे अवसर युवाओं को राष्ट्रीय कृषि विकास की मुख्यधारा से जोड़ते हैं। युवा मनों को राष्ट्रीय कृषि शोध से जोड़ना आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है।” उन्होंने आगे कहा कि यह भ्रमण विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर पर आधुनिक कृषि तकनीकों, शोध संस्थानों, नवाचारों तथा कृषि उद्यमिता अवसरों से परिचित कराएगा, जिससे उनका व्यावहारिक ज्ञान और करियर निर्माण मजबूत होगा। विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को वैश्विक प्रतिस्पर्धा के अनुरूप तैयार करने हेतु निरंतर प्रतिबद्ध है। इस राष्ट्रीय स्तरीय शैक्षणिक भ्रमण के तहत विद्यार्थी भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) के विभिन्न राज्यों में स्थित प्रमुख अनुसंधान संस्थानों, राष्ट्रीय अनुसंधान केंद्रों तथा उन्नत प्रयोगशालाओं का दौरा करेंगे। वे फसल सुधार कार्यक्रमों, उन्नत कृषि मशीनरी, जैव प्रौद्योगिकी प्रयोगशालाओं, पशुपालन नवाचारों और प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन तकनीकों को करीब से समझेंगे। विश्वविद्यालय अधिकारियों के अनुसार यह भ्रमण छात्रों में शोधाभिरुचि विकसित करने, नवाचार को समझने और कृषि क्षेत्र में आने वाले उभरते अवसरों की पहचान कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। साथ ही उन्हें अनुभवी वैज्ञानिकों से सीधे संवाद और राष्ट्रीय स्तर की शोध सुविधाओं को देखने का अवसर मिलेगा। भ्रमण के प्रति विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखा गया। वे इसे अपने शैक्षणिक एवं पेशेवर विकास की महत्वपूर्ण कड़ी मान रहे हैं। भ्रमण में विद्यार्थियों के साथ डॉ. सौरभ सिंह, डॉ. अनीता पुयम तथा श्री चिन्मय गुप्ता शामिल रहेंगे, जो समन्वय एवं शैक्षणिक गतिविधियों की जिम्मेदारी निभाएंगे। इस अवसर पर निदेशक प्रसार शिक्षा डॉ. सुशील कुमार सिंह, अधिष्ठाता कृषि डॉ. आर.के. सिंह, डॉ. योगेश्वर सिंह, डॉ. राकेश चौधरी, कुशल सिन्हा सहित अन्य अधिकारी एवं वैज्ञानिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *