Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University
राजकीय विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने किया मुक्त विश्वविद्यालय का शैक्षिक भ्रमण
PRAYAGRAJ NEWS: उत्तर प्रदेश सरकार के अत्यंत महत्वपूर्ण मिशन समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के छात्र छात्राओं को उच्च शैक्षिक तकनीकी प्रबंधन संस्थानों एवं विश्वविद्यालय में भ्रमण की योजना के क्रम में सोमवार को राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, प्रतापगढ़ के छात्र छात्राओं ने प्रधानाचाय सारिका मालवीय के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय का शैक्षिक भ्रमण किया, जिसमें उन्होंने मुक्त विश्वविद्यालय की शैक्षिक कार्य प्रणाली को विस्तार से समझने का प्रयास किया। इस अवसर पर मुक्त विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर सत्यकाम ने विद्यार्थियों से कहा कि वह परंपरागत खेलों की तरफ ध्यान दें। खेलना इसलिए जरूरी है कि खेलने से मन खुश हो जाता है और उससे ऊर्जा का संचार होता है। जिससे पढ़ाई में मन लगता है। उन्होंने कहा कि मोबाइल का उपयोग कम से कम करें। साहित्य को अपनी दिनचर्या में शामिल करें। प्रसिद्ध रचनाकारों की कविता व कहानी को स्मरण करें।उन्होंने कहा कि यह विश्वविद्यालय शिक्षा के क्षेत्र में हर तरह की सहायता के लिए उपलब्ध है। यह मुक्त विश्वविद्यालय शिक्षार्थियों के द्वार तक शिक्षा उपलब्ध करा रहा है।
विश्वविद्यालय की ओर से इस शैक्षिक भ्रमण का संयोजन प्रोफेसर देवेश रंजन त्रिपाठी द्वारा किया गया। सर्वप्रथम समस्त छात्राओं को पांच समूह में वर्गीकृत किया गया। विश्वविद्यालय की ओर से प्रत्येक समूह का नेतृत्व एवं मार्गदर्शन क्रमशः सहायक आचार्य डॉ सोहनी देवी, डॉ नीता मिश्रा, डॉ दीपशिखा श्रीवास्तव, डॉ कामना यादव एवं डॉ सुषमा सिंह ने किया तथा राजकीय विद्यालय की ओर से प्रत्येक समूह के साथ उनके शिक्षक सीमा तिवारी, अर्चना कुशवाहा, संगम एवं विनोद जायसवाल आदि उपस्थित रहे। विश्वविद्यालय आगमन पर समूह का स्वागत कुलसचिव कर्नल विनय कुमार ने किया तथा भ्रमण संबंधी आवश्यक दिशा निर्देश सभी को प्रदान किया तथा अपनी शुभकामनाएं दी। शैक्षिक भ्रमण दल ने विश्वविद्यालय मीडिया सेल, प्रवेश अनुभाग, स्वअध्ययन सामग्री प्रकोष्ठ, परीक्षा विभाग की कार्य प्रणाली देखी। परिसर में उन्होंने कुलपति कार्यालय, कुलसचिव कार्यालय, वित्त अधिकारी कार्यालय तथा परीक्षा नियंत्रक कार्यालय की विभिन्न गतिविधियों को समझने का प्रयास किया। भ्रमण के द्वितीय चरण में सरस्वती परिसर स्थित विद्याशाखा में गये, जहां संबंधित निदेशकों तथा अध्यापकों ने विभिन्न कार्यक्रमों और कोर्सो के संबंध में विस्तार से सूचनाएं उपलब्ध कराई। निदेशक आंतरिक गुणवत्ता सुनिश्चियन प्रकोष्ठ प्रोफेसर आशुतोष गुप्ता ने भ्रमण दल के बीच शिक्षकों को मुक्त शिक्षा संचालन के विभिन्न गुणात्मक पहलुओं की जानकारी देते हुए उन्हें भी अपने कैरियर अभिवर्धन में मुक्त विश्वविद्यालय से जुड़ने का संबल प्रदान किया। भ्रमण के तीसरे चरण में छात्राओं और अध्यापकों ने विश्वविद्यालय के विशाल पुस्तकालय का अवलोकन कर विभिन्न पुस्तकों के संबंध में अपनी जिज्ञासाओं को शांत किया तथा भविष्य में वह भी इस पुस्तकालय का उपयोग कर सके ऐसा निवेदन किया। अंत में भ्रमण दल के सदस्य सरस्वती परिसर स्थित अटल सभागार में इकट्ठा हुए जहां प्रवेश प्रभारी प्रोफेसर जे पी यादव ने विश्वविद्यालय की सरलतम प्रवेश प्रणाली से सभी को अवगत कराया। तत्पश्चात परीक्षा नियंत्रक प्रोफेसर गिरीश कुमार द्विवेदी ने विश्वविद्यालय के गुणवत्ता परक परीक्षा प्रणाली को समूह के साथ साझा किया। प्रधानाचार्य श्रीमती सारिका मालवीय ने विश्वविद्यालय भ्रमण के लिए कुलपति के प्रति आभार व्यक्त किया।