प्रयागराज के सिब्तैन ने रचा इतिहास

उत्तर क्षेत्र अंतर विश्वविद्यालय क्रिकेट में एएमयू को चैंपियन बनाने वाले प्रयागराज के पहले कप्तान
PRAYAGRAJ NEWS: शहर के क्रिकेटर मोहम्मद सिब्तैन प्रयागराज के पहले ऐसे खिलाड़ी बन गए हैं जिन्होंने अपनी कप्तानी में उत्तर क्षेत्र अंतर विश्वविद्यालय क्रिकेट प्रतियोगिता में अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) को चैंपियन बनाया। 22 नवंबर से पांच दिसंबर तक अलीगढ़ में आयोजित हुई उत्तर क्षेत्रीय अंतर विश्वविद्यालय क्रिकेट प्रतियोगिता के फाइनल में एएमयू ने जामिया मिलिया इस्लामिया विश्वविद्यालय नई दिल्ली को सात विकेट से हराकर चैंपियन होने का गौरव प्राप्त किया था। फाइनल में बीसीसीआई के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने विजेता टीम के कप्तान मोहम्मद सिब्तैन को ट्रॉफी प्रदान की।
खास बात यह रही कि अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के इतिहास में मोहम्मद सिब्तैन प्रयागराज के ऐसे पहले क्रिकेटर बन गए हैं जिन्होंने अपनी नेतृत्व क्षमता से अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय को चैंपियन बनाया। हालांकि इससे पहले प्रयागराज (तब इलाहाबाद) के इमरान अली (2003-04), मो. राशिद (2004-05), मो. मसीहउद्दीन (2005-06) और सलमान अहमद खान (2014-15) भी अलीगढ़ विश्वविद्यालय की कप्तानी कर चुके हैं लेकिन तीनों ही एएमयू को चैंपियन नहीं बना सके। एएमयू के कप्तान रहे मो. राशिद और मो. मसीहउद्दीन बताते हैं कि एएमयू की टीम पहली बार सत्र 2001-02 में मसूदुल जफर अमीनी की कप्तानी में चैंपियन बनी थी। बहरिया ब्लाक के सराय गनी ग्राम के पूर्व मूल निवासी मोहम्मद उमर के पुत्र मोहम्मद सिब्तैन अब प्रयागराज के राजापुर में रहते हैं। सिब्तैन ने अपनी क्रिकेट प्रशिक्षण की शुरुआत वाईएमसीए मैदान पर एनआईएस क्रिकेट कोच हसबीन अहमद, अनुज त्यागी और अपने बड़े भाई मोहम्मद नबी की देखरेख में शुरू किया। वर्ष 2020 वाईएमसीए से 12वीं पास करने के बाद सिब्तैन ने अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय का रुख किया। जहां से इन्होंने बीपीएड कोर्स पूरा किया। वर्तमान में यह अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय से एम.पीएड की शिक्षा ले रहे हैं। सिब्तैन ने पूरे टूर्नामेंट में 5 मैचों में 100 रन बनाने के साथ नौ विकेट भी लिये। फाइनल में वह मैन ऑफ द मैच भी रहे। बाएं हाथ के स्पिन गेंदबाज एवं मध्यक्रम के बाएं हाथ के बल्लेबाज सिब्तैन को वाईएमसीए की प्रधानाचार्या रीमा मसीह, हारोल्ड वॉटर्स, डॉ. भास्कर शुक्ला, रविंदर मिश्रा, राघवेंद्र सिंह, सौरभ कुमार, दिलीप कुमार ने बधाई दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *