फतेहपुर में भाजपा जिलाध्यक्ष के स्वागत बैनर रातों-रात फाड़े गए कार्यकर्ताओं का हंगामा

अतिक्रमण प्रभारी पर नोटिस जारी
नगरपालिका निरीक्षक दिलशाद अली पर बैनर फाड़ने व अभद्रता के आरोप, भाजपा कार्यकर्ताओं में रोष, जिलाध्यक्ष ने कहा—सम्मान पर हुआ प्रहार

FATEHPUR NEWS: भाजपा के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव के स्वागत में लगाए गए बैनर रातों-रात फाड़ दिए जाने का मामला तूल पकड़ गया है। घटना से भाजपा कार्यकर्ताओं में तीखी नाराजगी फैल गई। आरोप नगरपालिका के प्रकाश निरीक्षक एवं अतिक्रमण प्रभारी दिलशाद अली पर लगे हैं। मामले में नगर पालिका प्रशासन हरकत में आया है और ईओ द्वारा कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। सदर कोतवाली क्षेत्र के वर्मा चौराहे पर 2 दिसंबर की रात यह बैनर हटाए गए। भाजपा कार्यकर्ताओं का कहना है कि जिलाध्यक्ष की घोषणा के बाद जिलेभर में पोस्टर-होल्डिंग लगाए गए थे, जो अचानक नगरपालिका टीम द्वारा हटाकर फाड़ दिए गए। भाजपा युवा मोर्चा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष विशिष्ठ दीक्षित ने आरोप लगाया कि बैनर न केवल उतारे गए बल्कि कार्यालय में फाड़कर रखवा दिए गए। जब उन्होंने विरोध जताया तो कथित रूप से अभद्रता की गई और धमकी भी दी गई। मामले को गंभीर मानते हुए अधिशासी अधिकारी रविंद्र कुमार ने दिलशाद अली को नोटिस जारी कर तीन दिन में जवाब मांगा है। ईओ का कहना है कि बिना पूर्व सूचना बैनर हटाना अनुचित है और दोषी पाए जाने पर कार्रवाई होगी। जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव ने इसे कार्यकर्ताओं के सम्मान से जुड़ा मामला बताया और कहा कि यदि जानबूझकर नुकसान पहुंचाया गया है तो कठोर कदम उठाए जाएंगे। बैनर विवाद के चलते स्थानीय राजनीति में सरगर्मी बढ़ गई है और अब सबकी नजरें नगरपालिका प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *