सुदिति ग्लोबल एकेडमी में एचआईवी अवेयरनेस कार्यक्रम का हुआ आयोजन

फोटो -छात्र छात्राओं को जागरूक करते चिकित्सक

ETAWA NEWS:  सैफई स्थित आयुर्विज्ञान संस्थान के वरिष्ठ व रेजिडेंट चिकित्सकों के मार्गदर्शन में सुदिति ग्लोबल एकेडमी में एचआईवी अवेयरनेस कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में एचआईवी से जुड़े मिथकों को दूर कर वैज्ञानिक व स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्रदान करना रहा।
कार्यक्रम में सैफई  मेडिकल कॉलेज से असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. रवि प्रताप सिंह, असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. मंजीला स्वाले, रेजिडेंट डॉक्टर डॉ. मनोज कुमार तथा डॉ. आदित्य प्रताप सिंह ने मुख्य वक्ता के रूप में सहभागिता की। विद्यालय के प्रधानाचार्य  कमल कुमार ने सभी सम्मानित चिकित्सकों का अंगवस्त्र और बुके भेंट कर स्वागत किया। डॉ. रवि प्रताप सिंह ने छात्रों को एचआईवी वायरस, इसके संक्रमण के कारण, दुष्प्रभाव और जीवन पर पड़ने वाले प्रभावों के बारे में सरल भाषा में जानकारी दी। इसके बाद असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. मंजीला स्वाले ने बच्चों के साथ संवादात्मक सत्र के माध्यम से एचआईवी से जुड़ी महत्वपूर्ण मेडिकल जानकारी साझा की। इसी क्रम में रेजिडेंट डॉक्टर डॉ. आदित्य प्रताप सिंह ने स्पष्ट किया कि एचआईवी केवल संक्रमित व्यक्ति के रक्त, वीर्य, स्तनपान या प्रसव आदि के दौरान शारीरिक तरल पदार्थों के संपर्क से फैलता है। यह सामान्य संपर्क जैसे हाथ मिलाने, गले लगाने, एक साथ बैठने या सामान्य वस्तुओं के उपयोग से नहीं फैलता। उन्होंने एचआईवी संक्रमित व्यक्तियों के प्रति संवेदनशीलता, सहानुभूति और समर्थन की आवश्यकता पर जोर दिया, ताकि सामाजिक डर व उपेक्षा के कारण मरीजों की हालत और गंभीर न हो। प्रधानाचार्य कमल कुमार ने सभी चिकित्सकों का हृदय से आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर विद्यालय के कोऑर्डिनेटर  मसूद अहमद, बॉयज विंग के एचएम संदीप मौर्या, साइंस क्लब की कोऑर्डिनेटर एवं विज्ञान अध्यापिका  सीमा यादव सहित अन्य शिक्षक स्टाफ उपस्थित रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *