Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University
PRAYAGRAJ NEWS: भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस (युवा शाखा) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में 7 दिसंबर 2025 को आयोजित शांतिपूर्ण प्रदर्शन को लेकर स्थानीय प्रशासन की दमनकारी कार्रवाई की कड़ी निंदा की है। वोट चोरी, महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की दुर्दशा और युवाओं के भविष्य पर सवाल उठाने वाले ज्वलनशील मुद्दों पर आवाज बुलंद करने के लिए युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं का शक्ति प्रदर्शन लोकतांत्रिक अधिकार का अभिन्न अंग है। लेकिन वाराणसी कमिश्नरेट ने इसे दबाने के लिए सर्किट हाउस को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया और सुबह 12 बजे से शाम 6 बजे तक सैकड़ों कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया, जो स्पष्ट रूप से अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर हमला है। यह घटना न केवल संवैधानिक मूल्यों का उल्लंघन है, बल्कि यह भी प्रमाणित करती है कि वर्तमान केंद्र सरकार और उसके स्थानीय प्रशासन चुनावी धांधली जैसे गंभीर आरोपों को छिपाने के लिए लोकतंत्र को कुचलने पर तुले हुए हैं। कांग्रेस युवा नेता विधानसभा अध्यक्ष तालिब ने कहा, “देश में लोकतंत्र का दावा करने वाली मोदी सरकार असल में तानाशाही की राह पर चल रही है। हमने वाराणसी में पीएम आवास का घेराव किया था, जो जनता के मुद्दों पर केंद्रित था, लेकिन प्रशासन ने इसे रोकने के लिए पूर्व नियोजित साजिश रची। कार्यकर्ताओं को नजरबंद कर जेल भेजना यह साबित करता है कि वोट चोरी और भ्रष्टाचार के काले कारनामों को उजागर करने से वे घबरा गए हैं।” तालिब ने आगे कहा कि यह कार्रवाई केवल वाराणसी तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे देश में विपक्षी आवाजों को दबाने की साजिश का हिस्सा है, जहां बेरोजगारी दर 45% से ऊपर पहुंच चुकी है, महंगाई ने आम आदमी को तोड़ दिया है, और युवा निराशा में डूबे हुए हैं। कांग्रेस पार्टी का मानना है कि संविधान द्वारा प्रदत्त बोलने और प्रदर्शन का अधिकार किसी भी लोकतांत्रिक व्यवस्था का आधार है। फिर भी, वाराणसी प्रशासन ने युवा कांग्रेस के इस शांतिपूर्ण कार्यक्रम को तानाशाही के बल पर दबा दिया, जो सत्ता के दुरुपयोग का जीता-जागता उदाहरण है। हम केंद्र सरकार से अपील करते हैं कि वह चुनाव आयोग पर दबाव न डाले और पारदर्शी शासन सुनिश्चित करे। यदि ऐसी दमनकारी कार्रवाइयां जारी रहीं, तो कांग्रेस पूरे देश में आंदोलन तेज करेगी, क्योंकि यह लड़ाई सड़क से सदन तक जारी रहेगी। युवा कांग्रेस युवाओं, किसानों और मजदूरों के हितों की रक्षा के लिए कटिबद्ध है। हम मोदी सरकार को चेतावनी देते हैं कि जेलें या पुलिस का बल प्रयोग हमें डरा नहीं सकता। भारत का युवा जाग चुका है और वह न्याय के लिए एकजुट होकर लड़ेगा।