Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University
इकलौते बेटे की मौत से मां बेसुध,कुरैश नगर से कब्रिस्तान तक सुरक्षा घेरा
MIRZAPUR NEWS: (शाहिद वारसी) गणेशगंज ब्लेड कांड के मुख्य आरोपी अब्दुल उर्फ सैफ को पोस्टमार्टम के बाद बुधवार दोपहर टेड़वा कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया। पूरे मामले को लेकर इलाके में तनावपूर्ण शांति का माहौल रहा और प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। जानकारी के अनुसार,9 दिसंबर 2025, मंगलवार दोपहर, बरियाघाट पर गंगा नदी में अब्दुल का शव संदिग्ध परिस्थितियों में उतराता हुआ मिला। शव की खबर मिलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जैसे ही शव उसके घर कुरैश नगर पहुंचा, परिवार में कोहराम मच गया। मां बेटे को देखकर बेसुध हो गई। अब्दुल अपनी मां का इकलौता बेटा था और परिवार की जिम्मेदारी उसी के कंधों पर थी। वह कपड़े की दुकान पर काम कर परिवार का खर्च चलाता था और अपनी तीन बहनों का भी ख्याल रखता था। परिजनों के अनुसार, मां को इस बात का अंदाजा भी नहीं था कि उसका बेटा इस तरह के गंभीर अपराध को अंजाम देगा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार के निर्देश पर बुधवार को करीब 12 बजे दिन में दो डॉक्टरों की टीम से पोस्टमार्टम कराया गया। पूरी पोस्टमार्टम प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई गई।कड़ी सुरक्षा के बीच पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी की गई।
पोस्टमार्टम के बाद शव को कुरैश नगर ले जाया गया, जहां मुस्लिम रीति-रिवाज से जनाज़ा निकाला गया। इसके बाद शव को टेड़वा कब्रिस्तान ले जाकर दफनाया गया।किसी भी तरह की कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ने से रोकने के लिए विंध्याचल मंडल के तहत मीरजापुर, भदोही और सोनभद्र जिले की पुलिस को अलर्ट पर रखा गया। कुरैश नगर से लेकर टेड़वा कब्रिस्तान तक चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात रहा। कई थानों की फोर्स, क्षेत्राधिकारी और एसपी सिटी मौके पर मौजूद रहे। ड्रोन कैमरों से भी पूरे इलाके की निगरानी की गई, ताकि स्थिति पूरी तरह शांतिपूर्ण बनी रहे।