Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University
JHANSI NEWS: कलेक्ट्रेट स्थित गांधी सभागार में 50 लाख एवं उससे अधिक लागत वाली निर्माणाधीन परियोजनाओं की समीक्षा बैठक में मुख्य विकास अधिकारी श्री जुनैद अहमद ने विभागों और कार्यदायी संस्थाओं की प्रगति का गहन परीक्षण किया। बैठक के दौरान यू0पी0पी0सी0एल0 द्वारा राजकीय मेडिकल कॉलेज परिसर में आवासों के जीर्णोद्धार कार्य में हो रही अत्यधिक देरी पर सीडीओ ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की और तत्काल गति बढ़ाने के निर्देश दिए।
सीडीओ ने बताया कि मेडिकल कॉलेज के 29 टाइप-4 आवासों में जीर्णोद्धार कार्य मात्र 41 प्रतिशत ही पूर्ण हुआ है, जो संतोषजनक नहीं है। कार्यदायी संस्था को निर्देशित किया गया कि इस माह 10 आवासों को हर हाल में हैंडओवर किया जाए। इसी क्रम में टाइप-01 व टाइप-03 आवासों में भी मरम्मत कार्य की धीमी प्रगति पर कड़ी टिप्पणी की गई। टाइप-01 के 16 आवास मई 2025 में दिए जाने के बावजूद एक भी हैंडओवर न होना चिंता का विषय बताया गया। टाइप-03 के 08 आवासों में कार्य पूरा होने पर सराहना के साथ शेष आवास 10–15 दिन में हैंडओवर करने के निर्देश दिए गए।
2 करोड़ से अधिक लागत वाली डायट बरुआसागर में चाहरदीवारी, लैब व स्टाफ रूम निर्माण की केवल 2% प्रगति पर सीडीओ ने असंतोष जताया। लगभग ₹3.80 करोड़ की गर्ल्स हॉस्टल परियोजना का टेंडर दो माह गुजरने के बाद भी न होने पर उन्होंने 15 दिन में टेंडर प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए। यू0पी0 सिडको द्वारा गुरसराय ब्लॉक के उच्च प्राथमिक विद्यालय धुरवई के उच्चीकरण कार्य में अनियमितताओं की संभावना को देखते हुए सीडीओ ने एसडीएम की अध्यक्षता में जांच टीम गठित करने के आदेश जारी किए। इसके अलावा तीन हाईस्कूलों को इंटर कॉलेज में उन्नयन कार्य की धीमी प्रगति पर भी चिंता जताई गई। उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद द्वारा अलंकार प्रोजेक्ट के तहत निर्मित 28 सरकारी स्कूल भवनों को विभाग को समयबद्ध रूप से हैंडओवर करने के निर्देश दिए गए।
करगवां के शेष स्कूल का निर्माण 15 दिन में पूरा कर हैंडओवर सुनिश्चित करने को कहा गया। मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना के तहत चिरगांव में सद्भावना मंडप तथा नगर पंचायत कटेरा में बारात घर निर्माण की समीक्षा की गई। झांसी में 100 बेड वाले वर्किंग वुमेन हॉस्टल परियोजना (लागत 26 करोड़ से अधिक) की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए गए। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने विभिन्न सड़कों के निर्माण की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की.बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी नीरज कुमार आर्य, डीडीओ सुनील कुमार, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग रजनीश गुप्ता, विद्युत ग्रामीण के सुभाष चंद्र, पीडी डीआरडीए राजेश कुमार, तथा पर्यटन, पशुपालन, कृषि आदि विभागों के अधिकारी और कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि शामिल रहे।