Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University
ग्रामवासियों ने स्वागत कर बढ़ाया प्रधान हेमलता पटेल का उत्साह
पंचायतीराज विभाग की 29 सदस्यीय टीम ने पांच दिवसीय दौरा किया पूरा
विभाग के समक्ष रखेंगी अपने अनुभव, गांवों में आएगा गुणात्मक विकास
FATEHPUR NEWS: उत्तर प्रदेश पंचायतीराज विभाग की ओर से आयोजित पांच दिवसीय महाराष्ट्र एक्सपोजर विजिट का शुक्रवार को सफल समापन हुआ। विभाग की 29 सदस्यीय “ड्रीम टीम” जिसमें चयनित ग्राम प्रधान और अधिकारी शामिल थे, ने 7 से 11 दिसंबर तक महाराष्ट्र के विभिन्न मॉडल पंचायतों का अध्ययन किया।
फतेहपुर जिले के बहुआ ब्लॉक स्थित सुजानपुर की प्रधान हेमलता पटेल भी इस टीम का हिस्सा थीं। विजिट पूर्ण कर वह 12 दिसंबर की सुबह अपने गांव लौटीं, जहां ग्राम सचिवालय परिसर में ग्रामीणों ने उनका उत्साहपूर्ण स्वागत किया। प्रधान हेमलता पटेल ने बताया कि इस दौरे में उन्हें महाराष्ट्र की पंचायतीराज व्यवस्था, जल संरक्षण, स्वच्छता प्रबंधन, डिजिटल गवर्नेंस और स्थानीय रोजगार सृजन जैसे विषयों को नजदीक से समझने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि ये अनुभव गांव के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। विजिट के समापन पर पुणे स्थित यशवंतराव चौहान अकादमी ऑफ डेवलपमेंट एडमिनिस्ट्रेशन (YASHADA) द्वारा उन्हें प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। टीम के नेतृत्वकर्ता डिप्टी डायरेक्टर (पंचायत) अजय आनंद सरोज एवं स्टेट कंसल्टेंट रविंद्र कुमार भी पूरे दौरे में साथ रहे।
टीम ने पुणे जिले के रालेगण सिद्धि, लोनीकंड, इंदौरी, तलेघर सहित आठ मॉडल पंचायतों का अध्ययन किया और स्थानीय संग्रहालयों का भ्रमण कर नवाचारों को समझा। प्रधान हेमलता पटेल ने कहा कि वह अपने अनुभवों को विभाग के साथ साझा करेंगी, जिससे गांवों के विकास में गति और गुणवत्ता दोनों बढ़ेगी। पंचायतीराज विभाग को उम्मीद है कि यह एक्सपोजर विजिट ग्रामीण विकास के क्षेत्र में सकारात्मक परिवर्तन लाएगी।