मिशन शक्ति के तहत महिलाओं व बालिकाओं को किया गया जागरूक

FATEHPUR NEWS: उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के उद्देश्य से संचालित मिशन शक्ति फेज–5.0 अभियान के तहत जनपद फतेहपुर में व्यापक जागरूकता कार्यक्रम चलाया गया। पुलिस अधीक्षक फतेहपुर अनूप कुमार सिंह के निर्देशन में जनपद के समस्त थानों पर गठित मिशन शक्ति टीमों एवं एंटी रोमियो टीमों द्वारा अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित किया गया। अभियान के अंतर्गत प्रमुख बाजारों, कस्बों, चौराहों, स्कूलों/कॉलेजों, धार्मिक स्थलों एवं अन्य सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों एवं सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। टीमों द्वारा मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, राष्ट्रीय पोषण योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, आयुष्मान योजना, सुरक्षित मातृत्व आश्वासन सुमन योजना, महिला शक्ति केंद्र योजना सहित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया गया। इस दौरान महिलाओं की सहायता हेतु उपलब्ध हेल्पलाइन नंबरों— वीमेन पावर लाइन 1090, पुलिस आपातकालीन सेवा 112 (इमरजेंसी कॉल/पैनिक बटन का मोबाइल पर डेमो), मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, स्वास्थ्य सेवा हेल्पलाइन 102, एंबुलेंस सेवा 108, महिला हेल्पलाइन 181 एवं साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 की जानकारी पंपलेट वितरित कर दी गई। पुलिस प्रशासन ने महिलाओं से अपील की कि किसी भी आपात स्थिति में निर्भय होकर इन सेवाओं का उपयोग करें। मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से महिलाओं में सुरक्षा के प्रति विश्वास और आत्मनिर्भरता की भावना को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *