Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University
JAUNPUR NEWS: थाना मछलीशहर पुलिस ने भोर में जान से मारने की नीयत से की गई फायरिंग की सनसनीखेज घटना का खुलासा करते हुए एक बाल अपचारी सहित चार वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त अवैध पिस्टल व कारतूस के साथ चोरी की तीन मोटरसाइकिलें भी बरामद की हैं। पुलिस के अनुसार, 23 फरवरी 2025 की सुबह नगर पंचायत अध्यक्ष के आवास पर अज्ञात बाइक सवारों द्वारा फायरिंग की गई थी। उस समय पीड़ित घर के अंदर मौजूद थे, जिससे वे बाल-बाल बच गए। पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हुई थी। मामले में थाना मछलीशहर पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष श्रीवास्तव के नेतृत्व, क्षेत्राधिकारी प्रतिमा वर्मा के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक विनीत राय के निर्देशन में पुलिस व एसओजी गामा टीम ने 12 दिसंबर की रात कोटवां पुलिया के पास से चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में निर्देश सिंह उर्फ जुम्मन, हिमांशु मिश्रा उर्फ छोटू, कुशल मिश्रा तथा एक 16 वर्षीय बाल अपचारी शामिल है।
पूछताछ में पुलिस का दावा है कि आरोपियों ने पैसों के लालच में घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। आरोपियों के अनुसार, फायरिंग की साजिश पहले से बनाई गई थी और मोटरसाइकिल से मौके पर पहुंचकर गोलियां चलाई गईं। बरामदगी में एक देशी पिस्टल (32 बोर), एक जिंदा कारतूस तथा तीन मोटरसाइकिलें शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि कुछ आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में विधिक कार्यवाही प्रचलित है और सभी तथ्यों की निष्पक्ष जांच की जा रही है। जनपद पुलिस ने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।