Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University
PRATAPGARH NEWS: सांगीपुर थाना क्षेत्र के लखनसूरपुर गांव में मारपीट की घटना में घायल युवक की मौत को लेकर रविवार को नाराज परिजनों व ग्रामीणों ने जमकर हंगामा काटा। सुबह से ही प्रशासन को मृतक के अंतिम संस्कार को लेकर सांसत में देखा गया। हालांकि पुलिस ने दर्ज मुकदमें में हत्या की धारा में बढ़ोत्तरी की है। वहीं शनिवार की देर रात मृतक का शव पीएम के बाद घर पहुंचा तब परिजन चीख पुकार करने लगे। रविवार की सुबह परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर शव का अंतिम संस्कार करने से मना कर दिया। जानकारी मिलने पर आनन फानन में लालगंज सीओ आशुतोष मिश्रा मृतक के घर फोर्स के साथ पहुंचे। परिजनों की मांग पर एसडीएम लालगंज शैलेन्द्र वर्मा भी मृतक के घर पहुंच गये। यहां मृतक के भाई संतोष कोरी ने एसडीएम व सीओ को डीएम को संबोधित मांग पत्र सौंपा। मांग पत्र में बीती सात दिसम्बर को शाम सात बजे मारपीट की घटना में घायल अनंत बहादुर कोरी की हत्या को लेकर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग प्रमुख शामिल है। वहीं परिजनों ने मृतक की निराश्रित मां के भरण पोषण के लिए दस लाख रूपये व घटना में सभी घायलों के इलाज के लिए पांच पांच लाख रूपये एवं भूमि आवंटन की भी मांग शासन से की है। एसडीएम व सीओ ने परिजनों को मांग पत्र शासन को भेजवाये जाने का भरोसा दिलाया। वहीं पुलिस ने घटना में शामिल दो हत्यारोपियों को हिरासत में लिये जाने की भी परिजनों को जानकारी दी। जिसकी परिवार के एक सदस्य को थाने भेजवाकर पुष्टि भी करायी गयी। तब कहीं जाकर परिजन शव का अन्तिम संस्कार करने को राजी हुए। इस पर एसडीएम व सीओ गांव से वापस लौट गये। हालांकि अफसरों के जाने के बाद कुछ ही देर में परिजन आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर शव का अन्तिम संस्कार न किये जाने पर दोबारा अड़ गये। प्रशासन के प्रयासों पर कुछ संगठन के पदाधिकारियों के पहुंच जाने से बार बार झटका लगता रहा। इस माथापच्ची में सांगीपुर पुलिस के हाथ-पांव फूल उठे। अफसरों ने परिजनों को फिर समझाया बुझाया। प्रशासन के घण्टों मशक्कत के बाद दोपहर बाद गांव में ही मृतक के अन्तिम संस्कार को लेकर गड्ढ़ा खुदवाया गया। हालांकि अंतिम संस्कार को लेकर देर शाम तक असमंजस का माहौल देखा गया। हालांकि गांव में घटना को लेकर तनाव व आक्रोश का माहौल बना हुआ है। सांगीपुर पुलिस हत्यारोपियों की गिरफ्तारी को लेकर हलाकान भी देखी जा रही है। युवक की हत्या में एक अधिवक्ता भी नामजद बताया जाता है। सूत्रों के मुताबिक पुलिस ने स्थिति की गम्भीरता देखते हुए नामजद अधिवक्ता को हिरासत में ले लिया है। समाचार भेजे जाने तक पुलिस की ओर से गिरफ्तारी के बाबत अधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आ सकी।