Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University
FATEHPUR NEWS: उमेश योगेश मेमोरियल पब्लिक स्कूल में वार्षिक उत्सव “अभिव्यक्ति–2025” का भव्य एवं भावपूर्ण आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक कृष्णा पासवान एवं विशिष्ट अतिथि एसडीएम अभिनीत कुमार ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके पश्चात गणेश वंदना एवं सरस्वती वंदना के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। नर्सरी एवं एलकेजी के नन्हे-मुन्ने बच्चों की मासूमियत भरी प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। बच्चों ने नृत्य के माध्यम से माता-पिता के प्रति प्रेम और कृतज्ञता का भाव व्यक्त किया। कक्षा दो के विद्यार्थियों ने “बूम-बूम” गीत पर ऊर्जावान नृत्य प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरीं। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने गीतों और नृत्यों के माध्यम से समाज को महत्वपूर्ण संदेश भी दिए। बच्चों ने मोबाइल से दूरी बनाने की सलाह दी, वहीं ऑपरेशन सिंदूर और शिव तांडव जैसी प्रभावशाली प्रस्तुतियों ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। कार्यक्रम में पहलगाम हमले में शहीद हुए शुभम द्विवेदी की पत्नी एशान्या की सहभागिता विशेष आकर्षण का केंद्र रही। उन्होंने मंच से शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए भारत के लिए जीने-मरने का संकल्प व्यक्त किया, जिससे उपस्थित जनसमूह भावुक हो उठा। इस अवसर पर विधायक कृष्णा पासवान ने विद्यालय परिवार एवं शिक्षकों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए किया जा रहा कार्य प्रशंसनीय है। विद्यालय के प्रधानाचार्य अमित मिश्रा ने कार्यक्रम के समापन पर विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं समस्त विद्यालय परिवार को हार्दिक बधाई एवं धन्यवाद ज्ञापित किया। वहीं विद्यालय के डायरेक्टर तनुज पांडेय ने कहा कि विद्यालय केवल पाठ्यक्रम की शिक्षा ही नहीं, बल्कि जीवन में सफलता के साथ संस्कार और अनुशासन की भी शिक्षा देता है। कार्यक्रम को सफल बनाने में शिक्षक अखिलेश तिवारी, अंकुश सचान, अशोक मौर्या, मंजू तिवारी, अर्चना त्रिवेदी, प्रियंका बाजपेई, प्रियंका शुक्ला, स्वाती सिंह, राबिया खातून सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही।