फतेहपुर: संगोलीपुर मड़ैयन घाट पर ओवरलोडिंग का अवैध कारोबार जारी

किशनपुर थाना क्षेत्र में दिन-रात दौड़ रहे ओवरलोड ट्रक व डंपर, ग्रामीण परेशान
FATEHPUR NEWS: जनपद के किशनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत संगोलीपुर मड़ैयन घाट पर बालू के अवैध खनन और ओवरलोडिंग का कारोबार लगातार जारी है। दिन हो या रात, ओवरलोड ट्रक, डंपर और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की आवाजाही से क्षेत्र के लोग परेशान हैं, जबकि संबंधित विभागों की कार्रवाई प्रभावी रूप से दिखाई नहीं दे रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार बालू लदे भारी वाहन मुख्य मार्गों के बजाय गांव की तंग गलियों से होकर निकाले जा रहे हैं। इससे गलियों की सड़कें क्षतिग्रस्त हो गई हैं और कई स्थानों पर बड़े गड्ढे बन गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि रात के समय भारी वाहनों के गुजरने से कंपन महसूस होता है। कई घरों की दीवारों में दरारें पड़ने की बात भी सामने आ रही है। रातभर ट्रक और डंपर चलने से लोगों की नींद और दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है। ऐसे में तेज रफ्तार और ओवरलोड वाहनों की वजह से किसी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है। बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं के लिए सड़कों पर निकलना मुश्किल हो गया है। इसको लेकर ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। स्थानीय नागरिकों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभागों से संगोलीपुर मड़ैयन घाट पर हो रहे अवैध खनन और ओवरलोडिंग पर तत्काल रोक लगाने तथा सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बहाल हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *