Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University
रामप्रताप पाल बनाए गए पंचायत चुनाव जिला प्रभारी
FATEHPUR NEWS: पंचायती चुनावों को लेकर पाल सामुदायिक उत्थान समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक पाल भवन, अबूनगर में समिति के अध्यक्ष डॉ. अमित पाल की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में आगामी पंचायत चुनावों एवं विधानसभा चुनाव की मतदाता सूची से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक को संबोधित करते हुए अध्यक्ष डॉ. अमित पाल ने बताया कि चुनाव आयोग द्वारा पंचायत एवं विधानसभा चुनावों की वोटर लिस्ट तैयार करने का कार्य प्रगति पर है। उन्होंने सभी सदस्यों से अपील की है कि अपने-अपने गांव एवं क्षेत्रों में बीएलओ के माध्यम से पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में अवश्य जुड़वाएं, ताकि 18 वर्ष से ऊपर का कोई भी नागरिक मतदान के अधिकार से वंचित न रह जाए। उन्होंने यह भी कहा कि जैसे ही चुनाव आयोग द्वारा पंचायत चुनाव का आरक्षण जारी कर चुनाव की घोषणा की जाएगी, समिति प्रत्याशियों का चयन कर उनके पक्ष में क्षेत्र में प्रचार-प्रसार करते हुए उन्हें विजयी बनाने का प्रयास करेगी। इसी क्रम में सदर तहसील अध्यक्ष श्रीकांत पाल ने कहा कि पंचायत चुनाव लड़ने वाले जो लोग समिति से सहयोग की अपेक्षा रखेंगे, समिति उन्हीं नामों पर गंभीरता से विचार करेगी। वहीं समिति की उपाध्यक्ष रमा पाल ने कहा कि जो लोग समिति के कार्यक्रमों में सक्रिय भूमिका निभाते हैं और निरंतर सहयोग करते हैं, यदि वे चुनाव लड़ते हैं तो समिति उनका खुलकर समर्थन करेगी। समिति के मीडिया प्रभारी रामचंद्र पाल एवं सदस्य दिलीप पाल ने सुझाव दिया कि समिति का समर्थन चाहने वाले प्रत्याशियों को लिखित आवेदन के साथ निर्धारित शुल्क भी जमा कराना चाहिए। उपस्थित अन्य सदस्यों ने भी अपने-अपने विचार रखे। सभी सुझावों पर विचार-विमर्श के उपरांत सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि पंचायत चुनाव की घोषणा होते ही समिति की ओर से एक आवेदन फार्म जारी किया जाएगा। समिति का समर्थन चाहने वाले प्रत्याशियों को निर्धारित शुल्क के साथ आवेदन करना होगा। प्राप्त आवेदनों पर तय समय सीमा के भीतर कमेटी पैनल द्वारा निर्णय लेकर समर्थित प्रत्याशियों की घोषणा की जाएगी। अंत में पंचायत चुनाव की समस्त प्रक्रिया को सुचारु, पारदर्शी एवं निष्पक्ष रूप से संपन्न कराने, आवेदन प्रक्रिया की देख्य-रेख एवं निर्णय हेतु समिति के वरिष्ठ सदस्य तथा 17 सितंबर 2025 को आयोजित मेधावी छात्र सम्मान समारोह की अध्यक्षता कर चुके आचार्य रामप्रताप पाल को सर्वसम्मति से पंचायत चुनाव का जिला प्रभारी नियुक्त किया गया। इस घोषणा पर उपस्थित सदस्यों ने करतल ध्वनि से उनका स्वागत किया। बैठक में प्रमुख रूप से डॉ. अमित पाल, रमा पाल, रामप्रताप पाल, प्रमोद कुमार पाल, डॉ. योगेंद्र पाल, रामचंद्र पाल, श्रीकांत पाल, दिनेश पाल, डॉ. रोहित पाल, कमल पाल, दिलीप पाल सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।