मण्डल स्तरीय युवा उत्सव में महर्षि विद्या मन्दिर के विद्यार्थियों का उत्कृष्ट प्रदर्शन

FATEHPUR NEWS: केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड, नई दिल्ली से सम्बद्ध महर्षि विद्या मन्दिर सीनियर सेकेण्ड्री स्कूल, फतेहपुर के विद्यार्थियों ने मण्डल स्तरीय युवा उत्सव में शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया। उत्तर प्रदेश सरकार के युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल विभाग द्वारा आयोजित यह प्रतियोगिता दिनांक 14 नवम्बर 2025 को प्रयागराज के विकास भवन सभागार में सम्पन्न हुई, जिसमें फतेहपुर, कौशाम्बी, प्रतापगढ़ एवं प्रयागराज जनपदों के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में महर्षि विद्या मन्दिर फतेहपुर की कक्षा 11वीं की छात्रा अक्षिता शुक्ला ने कहानी लेखन प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं कक्षा 9वीं की छात्राएं अंकिता देवी, अनवेशा शिवहरे, सामायरा साहू एवं मौली ने समूह लोकगीत प्रतियोगिता में मण्डल स्तर पर तृतीय स्थान अर्जित कर भारतीय संस्कृति की मनमोहक प्रस्तुति दी। इस उपलब्धि पर उपनिदेशक, युवा कल्याण प्रयागराज मण्डल द्वारा विजयी विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र, मेडल एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया। विद्यालय में आयोजित प्रार्थना सभा के दौरान प्रधानाचार्य प्रमोद कुमार त्रिपाठी ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी में असीमित ऊर्जा एवं क्षमता निहित होती है। विद्यार्थियों को अपनी रुचि के अनुसार पाठ्य सहगामी गतिविधियों में अवश्य भाग लेना चाहिए। संगीत न केवल आत्मिक सुख प्रदान करता है, बल्कि वातावरण में सकारात्मक ऊर्जा का भी संचार करता है। प्रधानाचार्य ने मण्डल स्तर पर विजयी प्रतिभागियों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए निरन्तर प्रयास करने हेतु प्रेरित किया तथा विद्यालय की ओर से प्रमाण पत्र, मेडल एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर पूरे विद्यालय परिवार में हर्षोल्लास का वातावरण रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *