नाले में लहूलुहान मिला युवक, मचा हडकंपसूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक को भेजवाया अस्पताल

PRATAPGARH NEWS: नाले में लहूलुहान युवक के अचेतावस्था में पड़े मिलने से हडकंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल भेजवाया। पुलिस घटना की जांच में जुटी है। लालगंज कोतवाली के पूरे तिलकराम इलाके में तिनमोहनिया के समीप एक नाले में मंगलवार की सुबह करीब दस बजे एक युवक के अचेतावस्था में पड़े होने की सूचना ग्रामीणों ने पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस घायल युवक को इलाज के लिए ट्रामा सेंटर ले आयी। यहां हालत गंभीर देख घायल को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। उधर पुलिस की छानबीन में युवक की पहचान लीलापुर थानान्तर्गत सरायताल सरैंया मकई निवासी चौवालिस वर्षीय दिनेश वर्मा पुत्र रामेश्वर वर्मा के रूप में हुई। सूचना पर परिजन भागकर अस्पताल पहुंचे। परिजनो के मुताबिक घायल युवक ईरिक्शा चलाकर जीविकोपार्जन करता है। सोमवार की सुबह वह घर से ईरिक्शा लेकर निकला था। इसके बाद वापस घर नही लौटा। परेशान परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। परिजनों ने युवक की हत्या का प्रयास करने की आशंका जतायी है। कोतवाल आलोक कुमार का कहना है कि घायल युवक के शरीर पर चोट के निशान मिले हैं, अभी युवक कुछ बताने की स्थिति में नही है। घटना की छानबीन की जा रही है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *