Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University
FATEHPUR NEWS: जनता की समस्याओं के त्वरित और प्रभावी निस्तारण के उद्देश्य से मंगलवार को पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह ने पुलिस कार्यालय में जनसुनवाई की। जनसुनवाई के दौरान जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों ने अपनी-अपनी समस्याएं पुलिस अधीक्षक के समक्ष रखीं। पुलिस अधीक्षक ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से सुना और संबंधित मामलों की प्रकृति के अनुसार अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी फरियादी को अनावश्यक रूप से परेशान नहीं किया जाना चाहिए। श्री सिंह ने निर्देशित किया कि भूमि विवाद, मारपीट, घरेलू हिंसा, साइबर अपराध, धोखाधड़ी सहित अन्य मामलों में निष्पक्ष जांच कर विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए, ताकि उनका निस्तारण तय समय सीमा के भीतर हो सके। पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को चेतावनी दी कि शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही या टालमटोल किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि पीड़ितों को न्याय दिलाने के साथ-साथ पुलिस की कार्यप्रणाली पर जनता का विश्वास मजबूत करना आवश्यक है। जनसुनवाई के दौरान फरियादियों ने पुलिस अधीक्षक द्वारा सीधे संवाद और समस्याओं पर गंभीरता दिखाए जाने की सराहना की। लोगों ने उम्मीद जताई कि उनके मामलों में शीघ्र कार्रवाई कर राहत प्रदान की जाएगी।