Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University
600 स्कूली बच्चों को दिलाई गई शपथ
FATEHPUR NEWS: भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के प्रोजेक्ट डायरेक्टर पंकज यादव (पीआईयू कानपुर) के निर्देशानुसार वर्टिस इंफ्रास्ट्रक्चर ट्रस्ट एवं त्रिवेणी संगम हाइवे प्राइवेट लिमिटेड के संयुक्त तत्वावधान में सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा जन-जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम ज्योति पब्लिक स्कूल, फतेहपुर में स्कूल के प्रिंसिपल राकेश चंद्र की उपस्थिति में संपन्न हुआ। इस अवसर पर करीब 600 स्कूली बच्चों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई गई और उन्हें यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में राजस्थान सरकार द्वारा सड़क सुरक्षा राज्य स्तरीय पुरस्कार से सम्मानित वरिष्ठ सीएसआर प्रबंधक फिरोज़ खान ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल सरकार या विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की साझा जिम्मेदारी है। फिरोज़ खान ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में सर्वाधिक मौतें तेज गति, बिना हेलमेट और बिना सीट बेल्ट के वाहन चलाने के कारण होती हैं, जो अत्यंत चिंता का विषय है। उन्होंने बच्चों और शिक्षकों से अपील की कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करें और अपने परिवार व समाज को भी इसके लिए जागरूक करें, ताकि दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित हो। इस अभियान का उद्देश्य बच्चों के माध्यम से समाज में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाना और जीवन रक्षा के संदेश को मजबूत करना रहा है।
कार्यक्रम में स्कूल स्टाफ स्तुति पांडे, ज्योति, भावना, नेहा, अभय शुक्ला, आशुदीप, असलेखा, मशीरा, अशोक सिंह, शारदा पांडे, अंशिका तिवारी, साक्षी बाजपेयी, अर्चना वर्मा सहित हाईवे पेट्रोलिंग स्टाफ एवं आसपास के गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे।