आरटीओ कार्यालय में दलाल राज का आरोप, अवैध वसूली के विरोध में सौंपा ज्ञापन

JHANSI NEWS: जनपद झांसी स्थित आरटीओ कार्यालय में फोर व्हीलर एवं टू व्हीलर ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन फिटनेस, ट्रांसफर तथा गेट पास के नाम पर खुलेआम अवैध वसूली किए जाने का गंभीर आरोप लगाया गया है। इस संबंध में वीर फूलन देवी जन संगठन  एवं मानव समाज पार्टी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश एवं जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर जांच व कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि आरटीओ कार्यालय में दलालों द्वारा विभागीय कर्मचारियों की मिलीभगत से सरकारी निर्धारित शुल्क से कई गुना अधिक धन वसूला जा रहा है। बिना दलाल के आम नागरिकों का कोई भी कार्य समय से नहीं हो पा रहा, जिससे जनता अत्यधिक परेशान है और आर्थिक शोषण का शिकार हो रही है।ज्ञापन देने वाले वीर फूलनदेवी जन स.के राष्ट्रीय अध्यक्ष रमेश चंद्र निषाद ने बताया कि पुराने वाहनों की फिटनेस, मारुति वैन व अर्टिगा जैसे चार पहिया वाहनों के फिटनेस और लाइसेंस संबंधी कार्यों में अवैध वसूली आम बात हो गई है, जिससे शासन की छवि भी धूमिल हो रही है। संगठन के प्रतिनिधियों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही इस मामले में निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों एवं दलालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई नहीं की गई, तो वे जनहित में आंदोलन करने को बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। उन्होंने मांग की कि आरटीओ कार्यालय में दलालों पर तत्काल रोक लगाई जाए और आम जनता को पारदर्शी एवं सुगम सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। ज्ञापन के दौरान कैलाश रायकवार, कन्हैयालाल रायकवार, राहुल रायकवार, केशव दास, संजय, राजकुमार, सुरेंद्र, अनुज, रामप्रसाद, रामजी केवट, रामप्रसाद आदि लोग मौजूद रहे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *