Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

FATEHPUR NEWS: व्यापार मंडल (कंछल गुट) के प्रतिनिधिमंडल ने जिला अध्यक्ष शिवचंद शुक्ला की अध्यक्षता में जिला प्रशासन से मुलाकात कर धन्यवाद ज्ञापित करने का प्रयास किया। जिलाधिकारी से मुलाकात न हो पाने के कारण प्रतिनिधिमंडल द्वारा पत्रकारों से प्रेस वार्ता की गई, जिसमें कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई। प्रेस वार्ता में सर्वप्रथम जिला प्रशासन को धन्यवाद दिया गया कि जनपद भर में ओवरलोडिंग के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की गई तथा इस मामले में कई अधिकारियों पर भी कार्रवाई हुई, जिससे व्यापारियों एवं आम जनता में सकारात्मक संदेश गया है। व्यापार मंडल ने प्रस्ताव के माध्यम से जिला प्रशासन से आग्रह किया कि वर्तमान में कुछ घाटों से रात्रिकालीन ओवरलोडिंग का कार्य चल रहा है, जिसे शीघ्र बंद कराया जाए। साथ ही इसमें संलिप्त अधिकारियों एवं बालू माफियाओं के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की गई। प्रेस वार्ता में यह भी कहा गया कि छोटे बालू व्यापारी, जो ट्रैक्टर आदि के माध्यम से बालू का व्यापार करते हैं, उनके लिए एक स्पष्ट मानक तय किया जाए, ताकि वे नियमों के तहत अपना व्यापार सुचारू रूप से कर सकें। मानक के विपरीत व्यापार करने वालों पर कार्रवाई हो, लेकिन नियमों का पालन करने वाले छोटे व्यापारियों को अनावश्यक परेशान न किया जाए। व्यापारियों ने यह भी चिंता जताई कि ओवरलोडिंग के कारण जनपद की कई सड़कें क्षतिग्रस्त हो रही हैं, जिसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। यह स्थिति दुर्घटनाओं का कारण भी बन रही है, जो गंभीर चिंता का विषय है। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष शिवचंद शुक्ला, महामंत्री जितेंद्र सिंह उर्फ सोनू, राजेश चौधरी सहित अन्य व्यापारी एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।