मशरूम प्लांट में भीषण आग, कारीगरों ने भागकर बचाई जान

भोर में चक चमरू गांव में तीन प्लांट जलकर खाक, साढ़े चार लाख के नुकसान का अनुमान
FATEHPUR NEWS: सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के चक चमरू गांव में बुधवार तड़के करीब 3:30 बजे मशरूम के तीन प्लांट में अचानक आग लग गई। आग लगते ही प्लांट में सो रहे कारीगरों में अफरा-तफरी मच गई और सभी ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। इस अग्निकांड में प्लांट मालिक को मामूली चोटें आई हैं, जबकि लाखों का नुकसान बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, मोहम्मदपुर गौंती गांव मजरे चक चमरू में स्थित मशरूम प्लांट में अज्ञात कारणों से आग भड़क उठी। आग की तपिश से नींद खुलने पर प्लांट मालिक शाहनवाज उर्फ नानू पुत्र सलामन और मुख्य कारीगर दिलीप कुमार (जनपद बस्ती निवासी) ने देखा कि पूरा प्लांट आग की चपेट में है। आनन-फानन में दोनों बाहर निकल आए, लेकिन उनके मोबाइल फोन आग में जल गए। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद पानी डालकर आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक तीनों प्लांट पूरी तरह जल चुके थे। प्लांट मालिक के अनुसार इस हादसे में करीब 4.50 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। उन्होंने आशंका जताई है कि किसी अराजक तत्व ने जानबूझकर आग लगाई हो सकती है। घटना की सूचना पर सुल्तानपुर घोष पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। थाना प्रभारी ने बताया कि आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है, किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *