जैती में वन विभाग की मनमानी पर विधायक का कड़ा रुख, बसपा छोड़ भाजपा में शामिल हुए दर्जनों लोग

LAKHIMPUR KHERI NEWS: विधानसभा क्षेत्र के ग्राम जैती में आयोजित बैठक में बतौर मुख्य अतिथि विधायक लोकेंद्र प्रताप सिंह ने भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। बैठक में ग्रामीणों ने वन विभाग द्वारा लगातार परेशान किए जाने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। ग्रामीणों का कहना था कि बेवजह नोटिस, चालान और दबाव की वजह से आम किसान व ग्रामीण त्रस्त हैं। इस पर विधायक लोकेंद्र प्रताप सिंह ने वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सख्त नाराजगी जताते हुए कहा कि किसानों और ग्रामीणों का शोषण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वन विभाग से जुड़ी समस्याओं को लेकर वे स्वयं अधिकारियों से वार्ता करेंगे और जरूरत पड़ी तो उच्च स्तर तक मामला उठाया जाएगा। विधायक ने कहा, “आप अकेले नहीं हैं, मैं आपके साथ खड़ा हूं और आपकी लड़ाई पूरी ताकत से लड़ी जाएगी।” बैठक के दौरान सरकार की किसान सम्मान निधि, पेंशन सहित तमाम जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। इसी बीच जैती गांव में बड़ी राजनीतिक हलचल देखने को मिली, जब तमाम लोगों ने बहुजन समाज पार्टी छोड़कर भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। विधायक लोकेंद्र प्रताप सिंह ने सभी नए सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि भाजपा सबको साथ लेकर चलने वाली पार्टी है और गांव-गांव विकास उसका संकल्प है। इस मौके पर ग्राम प्रधान अमित कुमार, ग्राम पंचायत फिरोजपुर के प्रधान राम जीवन, प्रधान खजुरिया माजीदखान, मंडल अध्यक्ष मनोज गुप्ता, मंडल उपाध्यक्ष अनुज पांडेय, सभासद अरुण राठौर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। इसके बाद विधायक ने ग्राम पंचायत शाहपुर जागीर का दौरा किया। घर-घर जाकर लोगों से संवाद किया और शाहपुर जागीर के मजरा बेलहरा में पहुंचकर सड़क, नाली समेत अन्य बुनियादी समस्याएं सुनीं। विधायक ने संबंधित विभागों से समन्वय कर शीघ्र समाधान कराने का आश्वासन दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *