Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

जिसकी अनुमानित कीमत है 80 लाख 75 हजार, पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग से किया गांजा बरामद
BHADOHI NEWS: पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 3 क्विंटल 77 किलोग्राम 850 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। इस मामले में एक अंतरराज्यीय तस्कर सोनपाल उर्फ सोनू को गिरफ्तार किया गया है। जिसकी अनुमानित कीमत 80 लाख 75 हजार रुपए है। गोपीगंज थाना पुलिस टीम ने यह सफलता हासिल की। गिरफ्तारी वाराणसी से प्रयागराज जाने वाली लाइन पर पांडेय ढाबा के पास चेकिंग के दौरान हुई। गिरफ्तार तस्कर की पहचान सोनपाल उर्फ सोनू (लगभग 38 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय बदन सिंह के रूप में हुई है। वह मूल रूप से ग्राम ढीपा, थाना जैतरा, जनपद एटा का निवासी है और वर्तमान में गौतमबुद्धनगर के बादलपुर थाना क्षेत्र स्थित शंकर विहार, शिव मंदिर मोहल्ले में देव के मकान में किराए पर रहता है। पूछताछ में सोनपाल ने बताया कि वह वर्ष 2023 में 370 किलोग्राम गांजा तस्करी के आरोप में दादरी थाने से जेल जा चुका है। जेल से छूटने के बाद उसकी मुलाकात सलीम नामक व्यक्ति से हुई। जिसने उसे पड़ोस के गांव धरौली के चमन खां से मिलवाया। चमन गांजा की खरीद-फरोख्त में दलाली करता है और उसके ओडिशा के गांजा तस्करों से अच्छे संबंध हैं। सोनपाल ने बताया कि उसने 13 दिसंबर को भुवनेश्वर से एक ट्रक कंटेनर में वैध माल लोड कराया था। सलीम के कहने पर वह ब्रह्मपुर पहुंचा, जहां लाल रंग की वैगनआर कार से राजू मिला। राजू ने रायगढ़ जाने वाली सड़क पर ट्रक में गांजा लोड कराया था। सलीम और चमन ने गांजा सुरक्षित पहुंचाने के लिए उसे एक लाख रुपए देने का वादा किया था। जिसमें से कुछ पैसे सलीम ने फोन पे के माध्यम से भेजे थे। चमन ने यह भी बताया कि बरामद गांजे का आधा हिस्सा बरेली के खालिक का है। जिसे चमन के घर पर पहुंचाया जाना था और वहीं से खालिक को दिया जाना था।