विद्यालय संकुल के विकास में प्रो.विजय बहादुर सिंह की भूमिका अहम : हृदय प्रसाद सिंह

JAUNPUR NEWS: क्षेत्र के गांधी स्मारक विद्यालय संकुल प्रबंध समिति के उपाध्यक्ष, गांधी स्मारक पीजी कॉलेज के पूर्व प्राचार्य, भूगोल विभाग के पूर्व विभागाध्यक्ष प्रो. विजय बहादुर सिंह का बुधवार की सुबह लखनऊ मेदांता में इलाज के दौरान हृदय गति रुकने से निधन हो गया। एक सप्ताह से उनका इलाज चल रहा था। संकुल की सभी शाखाओं में शोक सभा आयोजित करके भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई।
प्रो.सिंह 90 वर्ष के थे। श्री गांधी स्मारक इंटर कॉलेज से उन्होंने अध्यापन कार्य की शुरुआत की। इसके पश्चात भूगोल विभाग के विभागाध्यक्ष रहे और प्राचार्य के पद पर भी कार्यरत रहे।  गांधी स्मारक इंटर कॉलेज से इंटरमीडिएट तथा इलाहाबाद विश्वविद्यालय से स्नातक एवं स्नातकोत्तर की पढ़ाई की। राज्य शिक्षक पुरस्कार प्राप्त शिक्षक सतीश सिंह सरकारी स्कूल में शिक्षक व संतोष सिंह अमेरिका के कैलिफ़ोर्निया की सिलिकॉन वैली में एप्पल कंपनी के निदेशक हैं और पत्नी रीता देवी पूर्व प्रधान रह चुकी हैं। उनके निधन पर प्रबंधक हृदय प्रसाद सिंह रानू ने गहरा दुख जताया है। प्रबंधक ने कहा कि विजय बहादुर सिंह का निधन विद्यालय परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है जिसकी भरपाई कभी नहीं हो सकती। उन्होंने कहा कि वह विद्यालय प्रबंध समिति के लिए एक मजबूत स्तंभ ही नहीं बल्कि नींव थे। विद्यालय परिवार के प्रति उनके समर्पण, सेवा भाव और उनके महत्वपूर्ण योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। प्रबंधक ने उन्हें एक योग्य एवं आदर्श शिक्षक बताया। कहा कि वह सभी शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं के लिए प्रेरणा स्रोत हैं। विद्यालय संकुल की स्थापना में उनका योगदान अहम रहा। प्रदेश के राज्य सूचना आयुक्त वीरेंद्र सिंह वत्स, दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री आरपी सिंह, मान्यता प्राप्त संवाददाता समिति के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत तिवारी, प्रबंध समिति के सदस्य पं. राम सन्मुख तिवारी, बदलापुर विधायक रमेश चंद्र मिश्र, शाहगंज विधायक रमेश सिंह, वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के पूर्व कार्यक्रम समन्वयक प्रो. राकेश कुमार यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति, बीएसए डॉ. गोरखनाथ पटेल, शिक्षक संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष नरसिंह बहादुर सिंह,  आदि ने शोक संवेदना जताई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *