Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

FATEHPUR NEWS: जनपद में शीतलहर, ठंड व पाले के प्रकोप को देखते हुए प्रशासन ने राहत व्यवस्थाओं को लेकर सख्ती बढ़ा दी है। अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) फतेहपुर ने उपजिलाधिकारी सदर, बिन्दकी, खागा सहित समस्त नगर पालिका परिषदों एवं नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारियों को निर्देश जारी करते हुए निराश्रित, असहाय, कमजोर एवं गरीब व्यक्तियों तथा परिवारों को हर हाल में राहत पहुंचाने को कहा है। अपर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जिन स्थानों पर अभी तक रैन बसेरों अथवा शेल्टर होम्स का चिन्हांकन नहीं किया गया है, वहां तत्काल स्थल चिन्हित कर उनकी जियो-टैगिंग पूर्ण कराई जाए तथा पोर्टल पर अनिवार्य रूप से फीडिंग की जाए। साथ ही सभी रैन बसेरों में पर्याप्त रोशनी, साफ-सफाई, पेयजल, अलाव, कंबल समेत अन्य आवश्यक सुविधाओं की नियमित समीक्षा कर उन्हें सुचारू रखा जाए। उन्होंने कहा कि अलाव, रैन बसेरे तथा कंबल क्रय एवं वितरण से संबंधित सूचनाएं प्रतिदिन राहत पोर्टल पर फीड कराना अनिवार्य होगा। शीतलहर के दौरान कोई भी व्यक्ति रात में सड़क, पटरी, अस्पताल, बस स्टेशन, रेलवे स्टेशन, सार्वजनिक बाजार अथवा फुटपाथ पर खुले में सोने के लिए मजबूर न हो। यदि कोई व्यक्ति खुले में पाया जाए तो उसे तत्काल रैन बसेरा अथवा शेल्टर होम में पहुंचाया जाए। निर्देशों में यह भी कहा गया कि सभी रैन बसेरों और शेल्टर होम्स को 24 घंटे संचालित किया जाए तथा प्रत्येक स्थल पर एक उपयुक्त अधिकारी नामित किया जाए। साथ ही केयर टेकर की तैनाती करते हुए उसका नाम, पदनाम और मोबाइल नंबर रैन बसेरे के गेट पर स्पष्ट रूप से प्रदर्शित किया जाए। रात्रि के समय जनपद के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा रैन बसेरों का औचक निरीक्षण भी सुनिश्चित किया जाए और केयर टेकर के पास निरीक्षण रजिस्टर रखा जाए। अपर जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि समस्त चिकित्सालयों, मेडिकल कॉलेजों, बस स्टेशनों, श्रमिकों के कार्य स्थलों एवं बाजारों में भी रैन बसेरों का संचालन सुनिश्चित किया जाए, जिसके लिए स्वास्थ्य विभाग, नगर पालिका परिषद एवं नगर पंचायतों का सहयोग लिया जाए। अलाव के लिए लकड़ी का नियमानुसार क्रय कर पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा रैन बसेरों के आसपास एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर प्रतिदिन समय से अलाव जलाने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि रैन बसेरों एवं शेल्टर होम्स में सुविधाएं गुणवत्तापूर्ण हों, साफ-सुथरे बेडशीट, गर्म पानी, सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराई जाए तथा महिलाओं और पुरुषों के लिए सोने एवं शौचालय की अलग-अलग व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही प्रतिदिन रैन बसेरों के भ्रमण, सुबह-शाम जलाए गए अलावों और कंबल वितरण की फोटो “एक्टिव रैन बसेरा एवं अलाव डेली रिपोर्ट 2025-26” व्हाट्सएप ग्रुप पर भेजना अनिवार्य किया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शीतलहर से बचाव की सभी तैयारियां तत्काल पूर्ण कराते हुए जनपद में किसी भी जरूरतमंद को ठंड से राहत दिलाना सर्वोच्च प्राथमिकता है।