एजुकेट गर्ल्स ने 18वां स्थापना दिवस “उसकी मुस्कान से उड़ान तक” थीम के साथ भव्य रूप से मनाया

FATEHPUR NEWS: बालिका शिक्षा और सशक्तिकरण के क्षेत्र में अग्रणी संस्था एजुकेट गर्ल्स ने अपना 18वां स्थापना दिवस समारोह “उसकी मुस्कान से उड़ान तक” थीम के तहत प्रयागराज में आयोजित किया। यह समारोह उन लाखों बालिकाओं की प्रेरणादायक यात्रा का प्रतीक रहा, जिन्होंने शिक्षा के माध्यम से अपने जीवन को नई दिशा दी। इस अवसर पर संस्था को 2025 का प्रतिष्ठित रेमन मैग्सेसे पुरस्कार प्राप्त करने की उपलब्धि साझा की गई, जो बालिकाओं के जीवन में संस्था के योगदान की वैश्विक मान्यता का प्रतीक है। समारोह में मुख्य अतिथि भगवती सिंह, सचिव माध्यमिक शिक्षा परिषद ने कहा कि टीम बालिका स्वयंसेवकों के प्रयासों से बालिकाओं को शिक्षा के प्रति आने वाली चुनौतियों का सामना नहीं करना पड़ता और साथ ही कौशल विकास को बढ़ावा देने की आवश्यकता है। विशिष्ट अतिथि श्री अनिल कुमार, बेसिक शिक्षा अधिकारी, प्रयागराज ने संस्था के योगदान की सराहना करते हुए बताया कि एजुकेट गर्ल्स महाकुंभ के दौरान विद्या कुंभ विद्यालय के संचालन में महत्वपूर्ण सहयोग दे चुकी है और आगामी माघ मेले में भी यह पहल जारी रहेगी। सीईओ गायत्री नायर लोबो ने कहा कि जब सरकार, समुदाय और संस्थाएँ साझा उद्देश्य के साथ काम करती हैं, तो शिक्षा समाज में परिवर्तन की सबसे सशक्त शक्ति बन जाती है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रत्येक बालिका में अपने सपनों को साकार करने की असीम क्षमता होती है। समारोह में टीम बालिका स्वयंसेवकों के साथ एक पैनल चर्चा आयोजित की गई और “मुस्कान – Stories of Hope” नामक प्रेरणादायक कहानियों के संग्रह का विमोचन भी किया गया। यह संग्रह फील्ड स्तर पर किए गए कार्यों से उपजी सफलता की कहानियों को समेटे हुए है, जो भविष्य के प्रति आशा और निरंतर आगे बढ़ने का साहस प्रदान करता है। कार्यक्रम में विक्रम सिंह सोलंकी, अनुश्री, नितिन झा, अभिनव दुबे, आशिष, मोहम्मद महताब, प्रज्ञा पाण्डे सहित एजुकेट गर्ल्स के कार्मिक और टीम बालिका साथी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *