घंटो मानमनौवल के बाद युवक के शव का हुआ अंतिम संस्कार

PRATAPGARH NEWS: नाले में अचेतावस्था में घायल मिले युवक की इलाज के दौरान मौत हो गयी थी। पीएम के बाद गुरूवार की रात शव घर लाया गया तो कोहराम मच गया। आरोपियों पर कार्रवाई न होने से परिजनों में आक्रोश पनप उठा और शव का अंतिम संस्कार करने से इंकार कर दिया। इसकी जानकारी होने पर पुलिस प्रशासन में खलबली मच गयी। घंटो मानमनौवल के बाद परिजन अंतिम संस्कार को राजी हुए। लीलापुर थाना क्षेत्र के सरायताल मकई गांव निवासी दिनेश वर्मा 44 पुत्र रामेश्वर वर्मा सोलह दिसंबर की सुबह लालगंज कोतवाली के पूरे तिलकराम क्षेत्र के तिनमोहनिया के समीप अचेतावस्था में घायल पड़ा मिला था। प्रयागराज में इलाज के दौरान सत्रह दिसंबर को उसकी मौत हो गयी। मृतक के पुत्र अंकुश की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात हमलावरो के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। इधर पीएम के बाद अठारह दिसंबर की रात युवक का शव घर लाया गया। शुक्रवार की सुबह हमलावरों की गिरफ्तारी, आर्थिक सहायता, जमीन का पटटा आदि मांगों के पूरा न होने तक परिजनों ने युवक के शव का अंतिम संस्कार करने से इंकार कर दिया। करीब छः घंटे तक चले मानमनौवल के बाद नायब तहसीलदार सदर दिनेश तिवारी के आश्वासन पर परिजन शव का अंतिम संस्कार करने पर राजी हुए। प्रभारी निरीक्षक लीलापुर मनोज पाण्डेय का कहना है कि परिजनांे ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया है। आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *