Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

FATEHPUR NEWS: जिले के जहानाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत कस्बे के मोहल्ला तेजा नगर में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक का शव दुकान के भीतर फांसी के फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार मोहल्ला तेजा नगर निवासी सूरज पुत्र स्वर्गीय रामसागर अपने चाचा रामबदन के घर रहकर पानीपुरी का ठेला लगाकर रोजी-रोटी चलाता था। बताया गया कि दोपहर के समय उसके चाचा-चाची खेत की रखवाली के लिए गए हुए थे। इसी दौरान सूरज ने घर के बाहर बनी दुकान में लकड़ी की धन्नी से अंगोछे का फंदा बनाकर फांसी लगा ली। कुछ समय बाद आसपास के लोगों की नजर दुकान में लटके शव पर पड़ी तो अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने तत्काल परिजनों और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल कर शव को नीचे उतरवाया और आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेजा। परिजनों ने बताया कि सूरज के पिता का पहले ही निधन हो चुका था। उसकी मां बृजरानी ने बताया कि सूरज का विवाह आगामी जनवरी माह में थाना बकेवर क्षेत्र के ग्राम कपरिया उसर में तय था। अचानक हुई इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया है। थानाध्यक्ष जहानाबाद ने बताया कि मामला संदिग्ध परिस्थितियों का है। सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।