Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University
बाल संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने का किया गया आह्वान, कानूनी प्रावधानों की दी गई जानकारी
SIDHARTHNAGAR NEWS: बाल विवाह मुक्त भारत अभियान (100 दिवसीय विशेष कार्यक्रम) के अंतर्गत राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली के निर्देशन में तथा नालसा आशा—जागरूकता, समर्थन, सहायता एवं कार्यवाही योजना के तहत जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सिद्धार्थनगर एवं मानव संसाधन एवं महिला विकास संस्थान के संयुक्त सहयोग से पैरालीगल स्वयंसेवकों (पीएलवी) के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सभागार में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सिद्धार्थनगर के सचिव शैलेन्द्र नाथ ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि बाल विवाह जैसी सामाजिक कुप्रथा के उन्मूलन में पैरालीगल स्वयंसेवकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि बाल विवाह मुक्त भारत का लक्ष्य तभी साकार होगा, जब समाज का प्रत्येक वर्ग जागरूक होकर इसके विरुद्ध एकजुट प्रयास करेगा। उन्होंने राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशन में आशा योजना के तहत समुदाय स्तर पर जागरूकता फैलाने के लिए पीएलवी को सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। प्रशिक्षण सत्र में चीफ डिफेंस काउंसिल अश्वनी मिश्रा ने बाल विवाह से संबंधित कानूनी प्रावधानों, दंडात्मक कार्रवाई तथा रिपोर्टिंग प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी दी। वहीं महिला कल्याण विभाग की सविता एवं अपर्णा विश्वास ने विभाग द्वारा बाल विवाह की रोकथाम के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं एवं अभियानों की जानकारी साझा की।मानव संसाधन एवं महिला विकास संस्थान के प्रतिनिधि प्रसून शुक्ल ने बाल विवाह के विरुद्ध अभियान में रिपोर्टिंग की प्रक्रिया, बाल संरक्षण से जुड़े विभिन्न हितधारकों तथा जन-जागरूकता गतिविधियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि बाल विवाह न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि यह बच्चों, विशेषकर बालिकाओं के शारीरिक, मानसिक और शैक्षणिक विकास में गंभीर बाधा उत्पन्न करता है।कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज में बाल विवाह के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा बच्चों के अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करना रहा। इस दौरान उपस्थित लोगों को बाल विवाह के खिलाफ शपथ भी दिलाई गई। इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से अर्जुन झा, मानव संसाधन एवं महिला विकास संस्थान से रोहित दुबे, विजयशंकर, हृदय सिंह, मनीष, ज्योति, रूपा सहित पैरालीगल स्वयंसेवक प्रदीप कुमार, रेहाना खातून, मनीषा, प्रियंका आदि मौजूद रहे।