Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University
FATEHPUR NEWS: जनपद के खागा तहसील क्षेत्र अंतर्गत कटोंघन टोल प्लाजा पर रविवार को भारतीय किसान यूनियन (टिकैत गुट) के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने बैठक कर किसानों एवं जनसमस्याओं को लेकर प्रदर्शन किया। बैठक का आयोजन युवा जिलाध्यक्ष एडवोकेट विवेक सिंह के नेतृत्व में किया गया। बैठक के उपरांत किसानों ने खागा उपजिलाधिकारी अभिनीत कुमार एवं क्षेत्राधिकारी दुर्गेश दीप के माध्यम से ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में किसानों ने प्रमुख रूप से मांग की है कि किसानों से किसी भी प्रकार का टोल टैक्स न लिया जाए। इसके साथ ही बुदवन इंटर कॉलेज के पास स्थित क्षतिग्रस्त पुलिया की तत्काल मरम्मत कराए जाने की मांग उठाई गई। किसानों ने यह भी मांग की है कि सभी सरकारी समितियों एवं फुटकर खाद दुकानों पर समय-समय पर खाद की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए तथा खागा तहसील के ग्रामीण क्षेत्रों में अधिक मूल्य पर खाद बेचने वाले दुकानदारों की जांच कर कार्रवाई की जाए। पुरइन चौराहे पर 63 केवी का विद्युत ट्रांसफार्मर स्थापित कराने और गेहूं की फसल की सिंचाई के लिए दिन में कम से कम 10 घंटे बिजली आपूर्ति दिए जाने की मांग भी रखी गई। इसके अलावा बुदवन–भादर–प्रेमनगर मार्ग से टोल टैक्स बचाने के लिए गुजरने वाले भारी वाहनों पर रोक लगाने हेतु बैरियर लगाए जाने की मांग की गई। कटोंघन टोल प्लाजा पर आयोजित बैठक की अध्यक्षता खागा तहसील अध्यक्ष धरम सिंह चौहान ने की। इस दौरान तहसील महासचिव गोवर्धन सिंह, सोलंकी सिंह, केपी सिंह, रामपाल मास्टर, फूल सिंह प्रधान, रनमन सिंह पूर्व प्रधान, पंकज साहू, विपिन सिंह, राजेन्द्र सिंह, अरुण केशकर, धनंजय सिंह, राजन यादव प्रधान प्रतिनिधि, रामानंद मौर्य, ओमप्रकाश सिंह, दीपक मौर्य, धीर सिंह, रवीन्द्र सिंह, संजीत सिंह प्रधान, कल्लू बाबा सहित सैकड़ों किसान एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।