सेवा पखवाड़े के अंतर्गत वितरित किये कंबल

28 दिसम्बर को, मासिक आध्यात्मिक संगोष्ठी में होगी दरिद्र नारायण की सेवा
LUCKNOW NEWS: ईश्वरीय स्वप्नाशीष सेवा समिति की ओर से सनातन ध्वज वाहिका सपना गोयल की अगुआई में वार्षिक आयोजन “सेवा पखवाड़े” के अंतर्गत सोमवार 22 दिसम्बर को देवा रोड स्थित “श्री परमानंद हरि हर मंदिर” में महादेव का विशेष सोमवारीय अनुष्ठान पूजन किया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर “हर हर महादेव” और “सुन्दर काण्ड महाअभियान, भारत वर्ष की बने पहचान” के जयघोषों से गूंज उठा। इसके उपरांत सनातन ध्वजवाहिका सपना गोयल द्वारा अत्यधिक ठंड को देखते हुए जरूरतमंदों को कम्बल वितरित किये गए। इसके माध्यम से “सेवा परमो धर्म” का संदेश दिया गया। सनातन ध्वजवाहिका सपना गोयल ने बताया कि ईश्वरीय स्वप्नाशीष सेवा समिति द्वारा आगामी रविवार 28 दिसम्बर 2025 को, मासिक आध्यात्मिक संगोष्ठी का आयोजन, भूतनाथ मार्केट स्थित बी-209, सावित्री प्लाजा में किया जा रहा है। उस संगोष्ठी में असमर्थ महिलाओं को नि:शुल्क कम्बल वितरित किये जाएंगे।  इसके साथ ही ऐसी मातृशक्तियां, जो धर्म के प्रचार-प्रसार और सेवा में नि:स्वार्थ भाव से समर्पित हैं, उनका सम्मान करते हुए उन्हें “जय श्री राम” की छवि अंकित वाला, विशेष सिन्दूरी शॉल, अंगवस्त्र के रूप में भेंट किया जाएगा। इस क्रम में नूतन वर्ष 2026 में कानपुर में होने जा रहे पांच हजार महिलाओं द्वारा वृहद सुंदरकांड अनुष्ठान की जानकारी भी दी जाएगी। 21 दिसम्बर को सपना, जन्मदिवस के उपलक्ष्य में प्रतिवर्ष “सेवा पखवाड़े” का आयोजन किया जाता है। इसके अंतर्गत बीते शनिवार 20 दिसम्बर को सरोजनीनगर के पारा क्षेत्र में चुन्नूखेड़ा स्थित हनुमान मंदिर परिसर में मातृशक्तियों द्वारा सामूहिक सुंदरकांड का पाठ किया गया। इस अवसर पर जरूरतमंदों को कंबलों का वितरण किया गया। इसके साथ ही साड़ियों का वितरण कर मातृशक्तियों को सनातन मार्ग का अनुसरण करने का संकल्प भी करवाया गया। सनातन ध्वजवाहिका सपना गोयल ने बताया कि उनका एकमात्र लक्ष्य है कि संतों और ऋषियों की पावन भूमि, “भारत” एक बार पुन: “विश्व गुरु” के रूप में प्रतिष्ठित हो।
भारत उत्थान के इस महा उद्देश्य की पूर्ति हेतु ईश्वरीय स्वप्नाशीष सेवा समिति की ओर से प्रतिदिन सुंदरकांड पाठ के साथ-साथ प्रत्येक सप्ताह मंगलवार और शनिवार को नजदीकी मंदिरों में सामूहिक सुंदरकांड का आयोजन, “मातृशक्तियों” द्वारा वृहद स्तर पर करवाया जा रहा है। बिना किसी सरकारी या निजी सहयोग के 10 मार्च 2024 को महिला दिवस के उपलक्ष्य में पांच हजार से अधिक मातृशक्तियों द्वारा लखनऊ के झूलेलाल घाट पर सामूहिक सुंदरकांड का भव्य अनुष्ठान सम्पन्न करवाया गया था। इस क्रम में राष्ट्रीय स्तर पर तीर्थाटन का सिलसिला भी शुरू किया गया है।
इसके तहत उत्तराखंड कोटद्वार के प्राचीन सिद्धबली मंदिर, नैमिषारण्य तीर्थ, काशी विश्वनाथ मंदिर, हर की पौड़ी, रुड़की महादेव मंदिर और प्रयागराज के लेटे हुए हनुमान मंदिर परिसर में भी भव्य सुंदरकाण्ड का पाठ सफलतापूर्वक आयोजित किया जा चुका है। इसके साथ ही बीते साल 11 सितम्बर से अयोध्या जी में प्रभु राम जी की जन्मभूमि परिसर में भी, मासिक सुंदरकांड पाठ का सिलसिला शुरू हो गया है। जिलों से दिलों तक को जोड़ते हुए उत्तर प्रदेश के बीस जिलों में सामूहिक सुंदरकांड करवाया जा चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *