मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं व बालिकाओं को किया गया जागरूक

FATEHPUR NEWS: उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के उद्देश्य से संचालित मिशन शक्ति फेज–5.0 अभियान के तहत बुधवार को जनपद फतेहपुर में व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह अभियान पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह के निर्देशन में जनपद के समस्त थानों पर गठित मिशन शक्ति टीम एवं एण्टी रोमियो टीम द्वारा चलाया गया। अभियान के दौरान प्रमुख बाजारों, कस्बों, चौराहों, स्कूलों, कॉलेजों, धार्मिक स्थलों एवं अन्य सार्वजनिक स्थानों पर पहुंचकर महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों तथा सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। पुलिस टीमों ने मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, राष्ट्रीय पोषण योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, आयुष्मान योजना, सुरक्षित मातृत्व आश्वासन सुमन योजना, महिला शक्ति केंद्र योजना सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया। इसके साथ ही महिलाओं की सहायता हेतु उपलब्ध विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देते हुए पंपलेट वितरित किए गए। जागरूकता कार्यक्रम में वीमेन पावर लाइन 1090, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, स्वास्थ्य सेवा हेल्पलाइन 102, एम्बुलेंस सेवा 108, महिला हेल्पलाइन 181 तथा साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 की उपयोगिता समझाई गई। मोबाइल में पैनिक बटन के प्रयोग का भी मौके पर डेमो कर दिखाया गया। पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं और बालिकाओं से किसी भी प्रकार की समस्या या उत्पीड़न की स्थिति में बिना संकोच हेल्पलाइन नंबरों का प्रयोग करने और पुलिस से संपर्क करने की अपील की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *