Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University
FATEHPUR NEWS: फतेहपुर स्पोर्ट्स स्टेडियम में मानव सेवा संस्थान एवं फीफा फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित जनपद स्तरीय फुटबॉल टूर्नामेंट का उद्घाटन किया गया। उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि नगर पालिका परिषद फतेहपुर के अध्यक्ष एडवोकेट राजकुमार मौर्य ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज की युवा पीढ़ी को अपने सपनों को साकार करने के लिए निरंतर एक लक्ष्य की ओर बढ़ते रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि चाहे लक्ष्य किसी पद या प्रतिष्ठा की प्राप्ति हो या खेल के मैदान में खुद को सर्वश्रेष्ठ साबित करने का, मजबूत इरादों के बिना कोई भी उद्देश्य हासिल नहीं किया जा सकता। इससे पूर्व जिला खेल संघ के अध्यक्ष भगवती प्रसाद पांडेय ने फुटबॉल को शारीरिक क्षमताओं को बढ़ाने वाला जोशीला खेल बताते हुए कहा कि खेल हमें नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और टीम भावना सिखाते हैं। उन्होंने कहा कि खेल के माध्यम से अनुशासन में रहकर विरोधी टीम को पराजित करने की प्रेरणा मिलती है। टूर्नामेंट के उद्घाटन दिवस पर चार फुटबॉल टीमों के बीच मुकाबले खेले गए। इसमें सर्वोदय फुटबॉल क्लब ने राहुल फुटबॉल क्लब को 2–0 से हराकर जीत दर्ज की। वहीं फतेहपुर स्पोर्टिंग की टीम ने सार्थक फुटबॉल क्लब को 3–0 से पराजित कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। आयोजकों के अनुसार टूर्नामेंट के अगले चरण में गुरुवार को चार और टीमें मुकाबला करेंगी, जबकि 26 दिसंबर को टूर्नामेंट का फाइनल मैच खेला जाएगा। उद्घाटन सत्र के दौरान पूर्व सभासद धीरज कुमार, फतेहपुर व्यापार मंडल के अध्यक्ष बृजेश सोनी, जनकल्याण महासमिति से आदर्श मिश्रा, मानव विकास संस्थान से प्रदीप कुमार पांडे सहित सुरेश श्रीवास्तव एवं अन्य सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।