युवा आपदा मित्रों के निर्माण के साथ विशेष संयुक्त प्रशिक्षण शिविर का गौरवपूर्ण समापन

PRAYAGRAJ NEWS: एन सी सी ग्रुप मुख्यालय, प्रयागराज के तत्वावधान में 15 यूपी बटालियन एन.सी.सी., प्रयागराज द्वारा आयोजित 12 दिवसीय विशेष संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर (युवा आपदा मित्र योजना) का ऐतिहासिक एवं प्रेरणादायी आयोजन सैनिक पी.जी. कॉलेज, मई ,देवकली, हनुमानगंज, प्रयागराज के परिसर में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। भीषण ठंड एवं घने कोहरे जैसी प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद यह शिविर अपने निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार पूर्ण अनुशासन, योजनाबद्ध प्रबंधन एवं उच्च मनोबल के साथ संचालित हुआ। शिविर के दौरान राज्य आपदा मोचन बल, उत्तर प्रदेश द्वारा कैडेट्स को आपदा प्रबंधन से संबंधित सैद्धांतिक एवं व्यवहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया, जिससे उनमें संकट की घड़ी में सेवा एवं नेतृत्व की भावना का विकास हुआ। इस 12 दिवसीय विशेष शिविर का कुशल नेतृत्व 15 यूपी बटालियन एन.सी.सी., प्रयागराज के कमान अधिकारी एवं कैम्प कमांडेंट कर्नल राहुल दुबे के सशक्त मार्गदर्शन में सम्पन्न हुआ। डिप्टी कैम्प कमांडेंट मेजर संतोष जायसवाल के सक्रिय सहयोग से शिविर ने अपने सभी लक्ष्यों को सफलतापूर्वक प्राप्त किया। शिविर में एन.सी.सी. प्रयागराज ग्रुप की 11 बटालियनों के कैडेट्स ने सहभागिता की। सभी कैडेट्स के आपसी समन्वय, अनुशासन एवं समर्पण से एन.सी.सी. के मूल सिद्धांत “एकता एवं अनुशासन” का जीवंत स्वरूप दृष्टिगोचर हुआ। विभिन्न प्रशिक्षण सत्रों, प्रतियोगिताओं एवं गतिविधियों में भाग लेकर कैडेट्स ने अपनी प्रतिभा, नेतृत्व क्षमता एवं राष्ट्रभक्ति का उत्कृष्ट परिचय दिया। शिविर के समापन अवसर पर विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेट्स को मेडल एवं प्रमाणपत्र प्रदान किए गए, जबकि सभी प्रतिभागी कैडेट्स को प्रतिभागिता प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। समापन सत्र को संबोधित करते हुए कैम्प कमांडेंट कर्नल ने कैडेट्स को सफल शिविर के लिए बधाई दी तथा अपने अनुभव साझा करते हुए उन्हें भविष्य में राष्ट्रसेवा, एकता, अनुशासन, ईमानदारी और वफादारी जैसे उच्च जीवन मूल्यों को आत्मसात करने का आशीर्वाद एवं संदेश प्रदान किया। शिविर संचालन में ए.एन.ओ. मेजर विमल कुमार उत्तम, कैप्टन मनोज कुमार सिंह, कैप्टन रेखा सिंह, लेफ्टिनेंट (डॉ.) कृपा शंकर यादव एवं जी.सी.आई. नीति सिंह का योगदान अत्यंत सराहनीय रहा। इस अवसर पर कैम्प एस.एम. सूबेदार राजेंद्र कुमार, कैम्प ट्रेनिंग जे.सी.ओ. सूबेदार सुरेश कुमार एवं ट्रेनिंग एन.सी.ओ. सी.एच.एम. शमशेर सिंह द्वारा सैनिक पी.जी. कॉलेज के चेयरमैन संतोष यादव ‘आर्मी’ तथा व्यवस्थापक मेजर यादव को स्मृति चिन्ह प्रदान कर एन.सी.सी. प्रयागराज ग्रुप के शिविर संचालन में उनके सहयोग हेतु अभिनंदन किया गया। शिविर के सुचारु संचालन में कैम्प बी.एच.एम. सी.एच.एम. पुष्पेंद्र सिंह, कैम्प मेस कमांडर ओम प्रकाश, कैम्प कैडेट बी.एच.एम. प्रसून तिवारी, कैम्प कैडेट सी.एच.एम. शुभम यादव एवं प्रशासनिक कार्यों में सहयोग प्रदान करने वाले आकर्ष विश्वकर्मा का योगदान भी विशेष रूप से उल्लेखनीय रहा। समग्र रूप से यह 12 दिवसीय विशेष संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर कैडेट्स के व्यक्तित्व निर्माण, आपदा-सजगता एवं राष्ट्रसेवा के संकल्प को सुदृढ़ करने वाला एक प्रेरक, अनुकरणीय और स्मरणीय अध्याय सिद्ध हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *