जिलाधिकारी ने जनसुनवाई में पहुंचे दिव्यांग को भेंट किया कंबल और शिकायतों के त्वरित निस्तारण का दिया निर्देश

SIDHARTHNAGAR NEWS: कलेक्ट्रेट स्थित अपने कक्ष में बुधवार को जनसुनवाई कर रहे जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने संवेदनशीलता की मिसाल पेश की। जनसुनवाई के दौरान जब एक दिव्यांग व्यक्ति अपनी शिकायत लेकर जिलाधिकारी के पास पहुंचा, तो अत्यधिक ठंड को देखते हुए जिलाधिकारी ने तत्काल उसे कंबल भेंट किया। इसके साथ ही उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि दिव्यांग की समस्या का प्राथमिकता के आधार पर और त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप पात्र व्यक्तियों की समस्याओं का समाधान समयबद्ध तरीके से करना प्रशासन की पहली प्राथमिकता है।
बढ़ती ठंड और शीतलहर के प्रकोप को देखते हुए जिलाधिकारी ने जनपद के सभी उपजिलाधिकारियों (एसडीएम) को कड़े निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि सभी तहसीलों में स्थापित निःशुल्क रैन बसेरों का नियमित निरीक्षण किया जाए ताकि वहां रुकने वाले मुसाफिरों और निराश्रितों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जिले में कोई भी व्यक्ति खुले में सोने को मजबूर न हो, इसके लिए रैन बसेरों में बिस्तर, पानी और साफ-सफाई के पुख्ता इंतजाम होने चाहिए। जिलाधिकारी ने तहसील प्रशासन को गरीबों और असहाय व्यक्तियों के बीच व्यापक स्तर पर कंबल वितरण करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने नगर पालिका और नगर पंचायत स्तर पर प्रमुख चौराहों, अस्पतालों और सार्वजनिक स्थानों पर नियमित रूप से अलाव जलाने की व्यवस्था करने को कहा है। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को हिदायत दी कि ठंड से राहत पहुँचाने वाले कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और अधिकारी स्वयं मौके पर जाकर इन व्यवस्थाओं की निगरानी सुनिश्चित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *