सेंट ज़ेवियर्स हाई स्कूल में क्रिसमस उत्सव हर्षोल्लास के साथ संपन्न

FATEHPUR NEWS: सेंट ज़ेवियर्स हाई स्कूल, फतेहपुर के विद्यालय परिसर में क्रिसमस पर्व हर्षोल्लास एवं आनंद के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय को आकर्षक ढंग से सजाया गया, जिससे पूरा परिसर उत्सवमय वातावरण से सराबोर नजर आया।
कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने मधुर क्रिसमस कैरोल गीतों और मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। बच्चों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बने सांता क्लॉज़, जिन्होंने विद्यालय पहुंचकर छात्र-छात्राओं को उपहार एवं चॉकलेट वितरित की। सांता क्लॉज़ को देखकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे और वातावरण उल्लास से भर गया। इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. प्रियंका गुप्ता ने सभी छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को क्रिसमस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि क्रिसमस पर्व प्रेम, शांति, सेवा और त्याग का संदेश देता है। उन्होंने विद्यार्थियों से यीशु मसीह के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने तथा समाज में भाईचारा, सद्भाव और मानवीय मूल्यों को बनाए रखने का आह्वान किया। प्रधानाचार्या ने कहा कि इस प्रकार के सांस्कृतिक एवं धार्मिक आयोजनों से छात्रों में नैतिक मूल्यों का विकास होता है और आपसी सहयोग एवं सौहार्द की भावना मजबूत होती है। क्रिसमस उत्सव का समापन हर्ष, उल्लास और मधुर स्मृतियों के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *