Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University
FATEHPUR NEWS: कोहरे के मौसम में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं जन-जीवन की सुरक्षा के उद्देश्य से शनिवार को सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। यह अभियान शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता “सड़क सुरक्षा – जीवन रक्षा” के अंतर्गत फतेहपुर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह के निर्देशन में संपन्न हुआ। अभियान भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के प्रोजेक्ट डायरेक्टर पंकज यादव, पीआईयू कानपुर के प्रोजेक्ट मैनेजर राकेश भारद्वाज, अविनाश द्विवेदी, अतुल यादव तथा वर्टिस इंफ्रास्ट्रक्चर ट्रस्ट व त्रिवेणी संगम हाईवे प्राइवेट लिमिटेड के सहयोग से पुलिस चौकी मंझिलगांव परिसर में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में चौकी प्रभारी संजय सिंह की उपस्थिति रही। इस दौरान सैकड़ों वाहनों पर निःशुल्क थ्री-एम रेडियम रिफ्लेक्टिव स्टिकर लगाए गए, जिससे कोहरे के समय वाहनों की दृश्यता बढ़े और पीछे से होने वाली दुर्घटनाओं की संभावना कम हो सके। कार्यक्रम में उपस्थित राजस्थान सरकार द्वारा सम्मानित ‘सड़क सुरक्षा – जीवन रक्षा पुरस्कार’ विजेता एवं सीएसआर प्रबंधक फिरोज खान ने बताया कि कंपनी का उद्देश्य मानव जीवन के महत्व एवं यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करना है। शीत ऋतु में कोहरे के कारण दिन व रात में दृश्यता अत्यंत कम हो जाती है, जिससे राष्ट्रीय राजमार्गों पर दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। ऐसे में वाहन के पीछे लगे लाल रेडियम रिफ्लेक्टर या फॉग लाइट पीछे से आने वाले चालकों को दूर से ही वाहन दिखाई देने में मदद करते हैं। चौकी प्रभारी संजय सिंह ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी आनी चाहिए, लेकिन इसके विपरीत घटनाएं बढ़ रही हैं। उन्होंने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों को बचपन से ही यातायात नियमों की जानकारी दें, ताकि आने वाली पीढ़ी सड़कों पर सुरक्षित रह सके। उन्होंने कहा कि आने वाला कल तभी सुरक्षित है, जब प्रत्येक माता-पिता अपने बच्चों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करेंगे। इस अवसर पर रूट पेट्रोलिंग टीम के उमेश चंद्र, रमेश कुमार, राकेश सहित बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।