देवमई में एएसपीएल सीजन–9 का रोमांच, स्टार वॉइस बांदा ने दर्ज की शानदार जीत

FATEHPUR NEWS: जनपद के देवमई ब्लॉक स्थित सुजावलपुर स्पोर्ट्स ग्राउंड में ग्रामीण युवा क्रिकेट यूनियन संस्था परिवार द्वारा आयोजित अमर शहीद प्रीमियर लीग (एएसपीएल) सीजन–9 का दूसरा लीग मुकाबला रोमांच से भरपूर रहा। यह मैच स्टार वॉइस बांदा और वीके फूड्स सुपर किंग्स देवमई के बीच खेला गया, जिसमें स्टार वॉइस बांदा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की। टॉस जीतकर वीके फूड्स सुपर किंग्स देवमई ने पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया, लेकिन टीम 13.4 ओवर में ही ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से कप्तान इंद्रपाल ने 18 गेंदों में 22 रन और शुभम सिंह ने 15 गेंदों में 19 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी स्टार वॉइस बांदा की टीम ने संयमित और प्रभावी बल्लेबाजी की। कादिर ने 28 गेंदों में 35 रन बनाए, जिसमें चार चौके शामिल रहे। वहीं शुभम पूरी ने 11 गेंदों में नाबाद 17 रन बनाते हुए टीम को 13.1 ओवर में जीत दिलाई। गेंदबाजी में स्टार वॉइस बांदा के सुज्जन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3 ओवर में 19 रन देकर 5 विकेट झटके और मैच का रुख अपनी टीम के पक्ष में कर दिया। उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया। यह पुरस्कार फतेहपुर के एडिशनल एसपी महेंद्र पाल सिंह द्वारा प्रदान किया गया। एएसपीएल सीजन–9 के मुकाबले न केवल खेल प्रेमियों के लिए रोमांचक साबित हो रहे हैं, बल्कि ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच प्रदान कर क्षेत्र में खेल संस्कृति को नई ऊंचाइयों तक ले जा रहे हैं। मैच के दौरान संस्था के वरिष्ठ संरक्षक सेवानिवृत्त डिप्टी एसपी शिवस्वरूप, महानिदेशक ए.बी. बाबू, डॉ. अंकित सिंह, दिलशाद, भूपेंद्र सिंह परमार, धीरेन्द्र सिंह पटेल, राहुल यादव सहित पुलिस प्रशासन के अधिकारी और हजारों की संख्या में क्रिकेट प्रेमी दर्शक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *