Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University
समाजसेवियों व अतिथियों ने की संस्थान के कार्यों की सराहना
FATEHPUR NEWS: जीटी रोड स्थित भावना इंस्टीट्यूट फॉर द डिफरेंटली एबल्ड पर्सन के अंतर्गत संचालित भावना दिव्यांग संस्थान का रजत जयंती समारोह हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पुलिस क्षेत्राधिकारी, दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी प्रगति मिश्रा एवं सरिता सिंह द्वारा दीप प्रज्ज्वलन एवं मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत से हुई। संस्थान के अध्यक्ष डॉ. तेज मानसिंह ने मुख्य अतिथि का बैज लगाकर तथा बच्चों द्वारा निर्मित बुके भेंट कर सम्मान किया। वहीं संस्थान की निदेशिका भावना श्रीवास्तव ने दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी एवं सरिता सिंह का स्वागत किया। पी.एन. श्रीवास्तव द्वारा अध्यक्ष का अभिनंदन किया गया, जबकि डॉ. तेज मानसिंह ने उपस्थित अतिथियों व सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। वहीं श्रवण बाधित एवं मानसिक मंदित बच्चों द्वारा प्रस्तुत गीत, संगीत एवं नृत्य कार्यक्रमों ने सभी को भावविभोर कर दिया। कार्यक्रम से प्रसन्न होकर अतिथियों ने दिव्यांग विद्यालय के शिक्षकों की भूरी-भूरी प्रशंसा की। इस अवसर पर रायबरेली से आए दृष्टिबाधित शादाब ने “अरे द्वारपालो” गीत प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरीं। दिव्यांग छात्रा अल्फिया के गीत तथा नन्ही बालिका पूर्वी के प्रेरणादायक भाषण ने सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम से अभिभूत होकर सरिता सिंह ने दिव्यांग विद्यालय हेतु ₹11,000 की प्रोत्साहन राशि प्रदान की। सेंट जॉन स्कूल के मैनेजर फादर जॉर्ज प्रकाश (डेंटिस्ट) द्वारा दिव्यांग बच्चों को कंबल वितरित किए गए। प्रजापिता ब्रह्माकुमारीज की बहन स्वाति ने बच्चों को चॉकलेट वितरित की। गुलाबी गैंग की अध्यक्ष हेमलता पटेल अपनी टीम के साथ उपस्थित रहीं और बच्चों की प्रतिभा की मुक्त कंठ से सराहना की। राजकुमार मौर्य, रेखा श्रीवास्तव, अजय साहू सहित कई समाजसेवियों ने मिठाई एवं सहयोग प्रदान किया। कार्यक्रम के दौरान भावना दिव्यांग विद्यालय के उन भूतपूर्व दिव्यांग छात्रों को अंगवस्त्र एवं प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया, जो वर्तमान में शासकीय एवं गैर-शासकीय विभागों में कार्यरत हैं। यह क्षण सभी के लिए प्रेरणास्रोत रहा। कार्यक्रम का संचालन मोहिनी साहू ने किया। अंत में राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ। कार्यक्रम में शिक्षा, समाजसेवा एवं विभिन्न संस्थाओं से जुड़े गणमान्य नागरिकों सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।