Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University
फुटपाथ अतिक्रमण पर सख्ती, सड़क चौड़ीकरण का प्रस्ताव, वेंडिंग जोन चिन्हित कर सुव्यवस्थित यातायात व्यवस्था के निर्देश
JALAUN NEWS: उरई शहर को भीषण जाम की समस्या से निजात दिलाने एवं यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय व पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने रविवार को नगर क्षेत्र का स्थलीय भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। भ्रमण के दौरान जिलाधिकारी ने फुटपाथों पर किए गए अतिक्रमण पर कड़ा रुख अपनाते हुए निर्देश दिए कि जिन दुकानदारों द्वारा फुटपाथ पर कब्जा किया गया है, उन्हें तत्काल नोटिस जारी कर अपने निर्धारित दायरे में रहने के लिए बाध्य किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी दुकान के सामने अतिरिक्त ठेला अथवा खुमचा न लगे, जिससे पैदल यात्रियों को आवागमन में परेशानी न हो। जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी नगर पालिका को निर्देशित किया कि मार्गों के किनारे लगे प्रचार होर्डिंग्स को पीछे की ओर शिफ्ट कराया जाए, ताकि सड़क की चौड़ाई बाधित न हो। साथ ही लोक निर्माण विभाग को अंबेडकर चौराहे से शहीद भगत सिंह चौराहे तक सड़क चौड़ीकरण का प्रस्ताव शीघ्र तैयार करने के निर्देश दिए गए, जिससे भविष्य में बढ़ते यातायात दबाव को नियंत्रित किया जा सके। उन्होंने कहा कि फुटपाथों को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त रखा जाए। ठेला एवं फल विक्रेताओं के कारण फुटपाथ पर होने वाले अवरोध को समाप्त करने के लिए नगर पालिका को वेंडिंग जोन चिन्हित कर सभी विक्रेताओं को वहां व्यवस्थित रूप से स्थानांतरित करने के निर्देश दिए गए, ताकि आमजन को सुविधा मिले और यातायात बाधित न हो। यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सड़क मार्गों पर एकल मार्ग व्यवस्था लागू की गई है। जिलाधिकारी ने नगर मजिस्ट्रेट, सीओ सिटी एवं नगर पालिका को संयुक्त रूप से नियमित पेट्रोलिंग सुनिश्चित कराने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी दशा में रॉन्ग साइड वाहन संचालन न होने पाए। उन्होंने हेलमेट के शत-प्रतिशत अनुपालन पर जोर देते हुए यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध चालान एवं नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मार्ग पर बालू, गिट्टी, ईंटा आदि सामग्री मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाए।निर्देश दिए कि प्रमुख चौराहों पर यातायात संकेतक, बैरिकेडिंग एवं पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए, जिससे यातायात का सुचारू संचालन हो सके। पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने कहा कि यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सघन अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने आम नागरिकों से भी सहयोग की अपील की, ताकि उरई शहर को जाम मुक्त और सुरक्षित बनाया जा सके। इस दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व संजय कुमार, नगर मजिस्ट्रेट राजेश कुमार वर्मा, सीओ सिटी अर्चना सिंह, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।