Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University
पार्टी देने के बहाने खेत पर बुलाया दारू पिलाकर मार दी गोली
AURAIYA NEWS: जनपद के सहायल थाना क्षेत्र अंतर्गत हुए सनसनी खेज हत्याकांड का खुलासा पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती की सक्रियता से सहायल थाना पुलिस द्वारा 48 घंटे के अंदर कर दिया गया है। पुलिस ने दो हत्यारोपियों को गिरफ्तार करने के साथ उनके पास से हत्या में प्रयुक्त तमंचा कारतूस व मोटरसाइकिल भी बरामद की है। हत्या का प्रमुख कारण पत्नी पर बुरी नियत का शक व रंजिश बताया गया है। उक्त घटना का खुलासा करते हुए पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने बताया है कि सहायल थाना क्षेत्र के अंतर्गत 25 दिसंबर 2025 को ग्राम बक्सा पुर्वा के समीप सड़क के किनारे एक युवक का शव पड़ा पाया गया था जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया था शव की पहचान पिंटू कुमार उर्फ सतीश निवासी फतेहपुर थाना सहार के रूप में हुई थी। पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने बताया है कि मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस द्वारा अज्ञात लोगों के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत किया गया था और सहायल थाना प्रभारी विनोद कुमार की पुलिस टीम के साथ सर्विलांस व एसओजी की टीमें भी गठित कर मामले के पर्दाफाश करने का जीजान से प्रयास किया गया जिस पर शनिवार की सुबह लगभग 7 बजे मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने सबलपुर नहर पुलिया के पास से दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उनकी पहचान अभिषेक कुमार उर्फ दीपक राजपूत व गौरव कठेरिया के रूप में हुई। पुलिस द्वारा जब कड़ाई से पूछताछ की गई तो दोनों अभियुक्तों ने पिंटू की हत्या की बात कबूल की। पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने बताया है कि मुख्य अभियुक्त अभिषेक ने पुलिस को बताया है कि मृतक पिंटू रिश्ते में उसका दूर का साढू था और उसी ने उसकी शादी कराई थी। अभिषेक को शक था कि पिंटू उसकी पत्नी पर बुरी नजर रखता है और लगातार संपर्क करने की कोशिश कर रहा है। कई बार समझाने के बाद जब पिंटू नहीं माना तो अभिषेक ने अपने दोस्त गौरव के साथ मिलकर उसकी हत्या की साजिश रची। योजना के तहत दोनों ने पिंटू को पार्टी देने के बहाने ग्राम बक्सा पुर्वा के पास खेत पर बुलाया और शराब पीने के दौरान मौका पाकर अभिषेक ने 315 बोर के तमंचे से पिंटू के सिर में गोली मार दी जिससे उसकी मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी अभिषेक मौके पर बना रहा और शव मिलने पर वह पुलिस के साथ शव उठवाने में सहयोग भी करता रहा और मृतक के परिजनों को ढांढस भी बंधाता रहा ताकि उस पर किसी को शक ना हो सके। हालांकि पुलिस ने घटना के 48 घंटे के अंदर इस घटना का पर्दाफाश कर हत्या आरोपियों को जेल की सलाखों में भेज दिया है, पुलिस के इस प्रयास की जनता ने सराहना की है।