Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University
FATEHPUR NEWS: उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलम्बन को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से संचालित “मिशन शक्ति फेज–5.0” अभियान के तहत जनपद में व्यापक जागरूकता कार्यक्रम चलाया गया। पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह के निर्देशन में जनपद के समस्त थानों पर गठित मिशन शक्ति टीम/एण्टी रोमियो टीम द्वारा प्रमुख बाजारों, कस्बों, चौराहों, स्कूलों, कॉलेजों, धार्मिक स्थलों एवं अन्य महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक किया गया। अभियान के दौरान महिलाओं को शासन एवं विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई, जिनमें मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, राष्ट्रीय पोषण योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, आयुष्मान योजना, सुरक्षित मातृत्व आश्वासन सुमन योजना, महिला शक्ति केन्द्र योजना आदि प्रमुख रहीं। इसके साथ ही महिलाओं की सहायता एवं सुरक्षा के लिए उपलब्ध हेल्पलाइन नंबरों की विस्तृत जानकारी पंपलेट के माध्यम से दी गई। इनमें वीमेन पावर लाइन 1090, पुलिस आपातकालीन सेवा 112 (पैनिक बटन का मोबाइल पर डेमो), मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, स्वास्थ्य सेवा 102, एम्बुलेंस सेवा 108, महिला हेल्पलाइन 181 तथा साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 शामिल हैं। पुलिस टीम द्वारा महिलाओं को यह संदेश भी दिया गया कि किसी भी आपात स्थिति या उत्पीड़न की स्थिति में वे निर्भीक होकर इन हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग करें। अभियान के माध्यम से महिलाओं में सुरक्षा के प्रति विश्वास और जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया गया।