मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं व बालिकाओं को किया गया जागरूक

FATEHPUR NEWS: पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह के निर्देशन में उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन हेतु संचालित “मिशन शक्ति फेज–5.0” अभियान के अंतर्गत जनपद फतेहपुर के समस्त थानों पर गठित मिशन शक्ति टीम/एण्टी रोमियो टीम द्वारा व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के तहत बुधवार को जनपद के प्रमुख बाजारों, कस्बों, चौराहों, स्कूलों/कॉलेजों, धार्मिक स्थलों एवं अन्य महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं एवं बालिकाओं को शासन व पुलिस विभाग द्वारा चलाई जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। जागरूकता कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, राष्ट्रीय पोषण योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत योजना, सुरक्षित मातृत्व आश्वासन (सुमन) योजना, महिला शक्ति केंद्र योजना सहित अन्य योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया गया। साथ ही महिलाओं की सुरक्षा एवं सहायता हेतु उपलब्ध हेल्पलाइन नंबरों जैसे वीमेन पावर लाइन 1090, पुलिस आपातकालीन सेवा 112 (पैनिक बटन का मोबाइल पर डेमो), मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, स्वास्थ्य सेवा हेल्पलाइन 102, एम्बुलेंस सेवा 108, महिला हेल्पलाइन 181, साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 आदि की जानकारी पंपलेट के माध्यम से प्रदान की गई। पुलिस टीम द्वारा महिलाओं से अपील की गई कि किसी भी आपात स्थिति में बिना संकोच इन हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग करें तथा अपने अधिकारों के प्रति सजग रहें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *