Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University
जौनपुर पत्रकार संघ द्वारा कंबल वितरण कार्यक्रम आयोजित
JAUNPUR NEWS: सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुँचे, इसके लिए प्रशासन निरंतर प्रयासरत रहता है। यदि सरकार के साथ समाज के अन्य वर्ग, विशेषकर पत्रकार बंधु, ऐसे पुनीत कार्यों में सहभागी बनें तो इनका महत्व और भी बढ़ जाता है। उक्त उद्गार जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चन्द्र ने जौनपुर पत्रकार संघ द्वारा आयोजित कंबल वितरण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में व्यक्त किए। जिलाधिकारी ने कहा कि जरूरतमंदों की सहायता करने से न केवल उनका कष्ट कम होता है, बल्कि इससे पुण्य लाभ भी प्राप्त होता है। उन्होंने जौनपुर पत्रकार संघ के अध्यक्ष शशिमोहन सिंह क्षेम को उनके जन्मदिन पर शुभकामनाएँ भी दीं। अतिथियों का स्वागत करते हुए जौनपुर पत्रकार संघ के संरक्षक ओमप्रकाश सिंह ने जिलाधिकारी की कार्यशैली की सराहना की। उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी कार्यालय में जनसमस्याएँ सुनने के साथ-साथ देर रात तक ग्रामीण क्षेत्रों का भ्रमण कर लोगों के दुख-दर्द दूर करने का प्रयास करते हैं। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी द्वारा माँ सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया गया। अतिथियों को पुष्पगुच्छ एवं शाल भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि प्रदीप सिंह सफायर रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. मधुकर तिवारी ने किया तथा आभार ज्ञापन अध्यक्ष शशिमोहन सिंह क्षेम ने किया। इस अवसर पर लोलारख दूबे, रामदयाल द्विवेदी, शशिराज सिन्हा, डॉ. भारतेन्दु मिश्रा, अनिल पांडेय, अमित सिंह, एकलाख खान, रामश्रृंगार शुक्ल, राजीव पाठक, चन्द्रप्रकाश जे.पी. मौर्य, राजेश मौर्य, विनोद विश्वकर्मा, जेड हुसैन बाबू, अजीत सिंह, सभासद रूपा गुप्ता, दयाशंकर सिंह, शशिशेखर सिंह, देवांश सिंह, शिवम सिंह सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।