Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University
850 ग्रामीण जनों ने निःशुल्क स्वास्थ्य कराया परीक्षण
JALAUN NEWS: बुंदेलखंड महापरिषद के संस्थापक स्व० सुदर्शन सिंह जादौन की आठवीं पुण्यतिथि के अवसर पर अनुरागिनी संस्था द्वारा आयोजित दो दिवसीय कार्यक्रम के प्रथम दिवस पर जनपद जालौन के विकासखंड डकोर स्थित ग्राम टिमरों में वृहद स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया। यह आयोजन स्व० सुदर्शन सिंह जादौन के सामाजिक सरोकारों, जनसेवा एवं ग्रामीण उत्थान के विचारों को समर्पित रहा। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति एवं जनजाति आयोग के सदस्य नीरज गौतम मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रही।
उत्तर प्रदेश राज्य सहकारी संघ के उपसभापति रामाशंकर जायसवाल कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि रहे, जबकि माधौगढ़ विधानसभा के विधायक मूलचंद्र निरंजन ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई। अतिथियों का स्वागत अनुरागिनी संस्था के पदाधिकारियों द्वारा माल्यार्पण एवं अंगवस्त्र भेंट कर किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम के आयोजक एवं उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण सहकारी संघ के निदेशक डॉ. प्रवीण सिंह जादौन ने कहा कि “स्व० सुदर्शन सिंह जादौन ने अपना संपूर्ण जीवन समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुँचाने के लिए समर्पित किया। अनुरागिनी संस्था उन्हीं के विचारों को आत्मसात करते हुए पिछले 28 वर्षों से महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य, शिक्षा और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की सुलभता सुनिश्चित करना हमारी प्राथमिकता है। मुख्य अतिथि सुश्री नीरज गौतम ने अपने संबोधन में कहा कि स्वास्थ्य मेले जैसे आयोजन अनुसूचित जाति, जनजाति एवं वंचित वर्गों के लिए अत्यंत उपयोगी हैं। जब तक समाज के अंतिम व्यक्ति को स्वास्थ्य, शिक्षा और सम्मान नहीं मिलेगा, तब तक समावेशी विकास संभव नहीं है। अनुरागिनी संस्था द्वारा किया जा रहा कार्य सराहनीय है और यह अन्य संस्थाओं के लिए भी प्रेरणास्रोत है। विशिष्ट अतिथि रामाशंकर जायसवाल ने कहा कि “सहकारिता और सामाजिक संस्थाओं के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सकता है। अनुरागिनी संस्था ने जिस निष्ठा से स्वास्थ्य और सामाजिक जागरूकता का कार्य किया है, वह वास्तव में प्रशंसनीय है। विधायक मूलचंद्र निरंजन ने कहा कि ग्रामीण अंचलों में स्वास्थ्य सुविधाओं की सबसे अधिक आवश्यकता होती है। ऐसे स्वास्थ्य मेले आमजन को न केवल उपचार प्रदान करते हैं, बल्कि उन्हें स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक भी करते हैं। मैं इस सफल आयोजन के लिए बधाई देता हूँ। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ० देवेंद्र भिटोरिया ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार के वृहद स्वास्थ्य मेलों का आयोजन अत्यंत आवश्यक है। इससे आमजन को न केवल निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण की सुविधा मिलती है, बल्कि वे समय रहते अपनी बीमारियों के प्रति जागरूक भी होते हैं। स्वास्थ्य मेले में ग्रामीणों की उत्साहपूर्ण सहभागिता देखने को मिली। कुल 850 ग्रामीण जनों ने निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं परामर्श सेवाओं का लाभ प्राप्त किया। मेले में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा सामान्य रोग परीक्षण, रक्तचाप एवं मधुमेह जांच, महिला एवं बाल स्वास्थ्य परामर्श, आयुष एवं एलोपैथिक चिकित्सा सेवाएं प्रदान की गईं तथा निःशुल्क दवाओं का वितरण किया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों ने स्व० सुदर्शन सिंह जादौन के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर मुख्य रूप से भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय महासचिव राजवीर सिंह जादौन, संजय चौहान भारतीय जनता पार्टी पिछड़ा मोर्चा के क्षेत्रीय अध्यक्ष मनोज राजपूत, भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष सूर्य नायक, जे०पी० गौतम पुनीत गौतम जिला केंद्रीय सहकारी उपभोक्ता भंडार के अध्यक्ष उपेन्द्र सिंह राजावत, अवधेश पटेल निदेशक सुरजीत सिंह कोटरा नगर पंचायत अध्यक्ष सिया शरण व्यास, राघवेन्द्र सिंह जादौन दिनेश यादव राज कुमार परमार,जिला पुरुष चिकित्सालय से डॉ. गोपाल कृष्ण सोनी, डॉ. श्रवण कुमार एवं डॉ. मीनाक्षी त्रिपाठी ब्रजेश कश्यप,अनुरागिनी संस्था से श्याम करण प्रजापति, रामकुमार जादौन, प्रद्युम्न सिंह, हरिहर सिंह, लक्ष्मी प्रसाद राजपूत एवं नितिन कुमार सैनी उपस्थित रहे।