थीम “परवाह” के शुभारंभ पर लखनऊ बाईपास चौराहे पर नुक्कड़ नाटक का आयोजन

राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 के तहत जारी है अभियान
FATEHPUR NEWS: शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह–2026 के अंतर्गत इस वर्ष की थीम “परवाह” के शुभारंभ के अवसर पर मंगलवार को पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह के निर्देशन में यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत त्रिवेणी संगम प्राइवेट लिमिटेड के सहयोग से यातायात प्रभारी लालजी सविता द्वारा लखनऊ बाईपास चौराहे पर नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से आमजन एवं वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा नियमों के पालन के प्रति प्रभावी ढंग से जागरूक किया गया। नाटक के माध्यम से हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, नशे की हालत में वाहन न चलाने, मोबाइल फोन का प्रयोग न करने, गलत दिशा में वाहन न चलाने एवं पैदल यात्रियों के अधिकारों का सम्मान करने जैसे महत्वपूर्ण यातायात नियमों को सरल व रोचक तरीके से प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम के दौरान यातायात पुलिस द्वारा वाहन चालकों को गुलाब का फूल भेंट कर यातायात नियमों का पालन करने का संदेश दिया गया, साथ ही प्रचार सामग्री एवं पंपलेट वितरित कर उन्हें सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। इस सकारात्मक पहल की वाहन चालकों एवं आम नागरिकों द्वारा सराहना की गई। वहीं यातायात प्रभारी लालजी सविता ने बताया कि राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत जनपद के विभिन्न स्थानों पर इसी प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम, गोष्ठियां, नुक्कड़ नाटक एवं अभियान निरंतर चलाए जाएंगे, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और सुरक्षित यातायात संस्कृति को बढ़ावा मिल सके।
पुलिस अधीक्षक फतेहपुर ने अपील की है कि सभी नागरिक “परवाह” की भावना के साथ स्वयं की तथा दूसरों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यातायात नियमों का पालन करें, जिससे सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सके और सुरक्षित समाज का निर्माण हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *